श्रीनगर: इस वर्ष हज यात्रा पर जाने वाले करीब एक लाख लोग जम्मू-कश्मीर सहित देशभर में कुल 21 स्थानों से इस मुकद्दस सफर के लिए रवाना होंगे। भारतीय हज कमेटी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर से 6,684 लोगों सहित पूरे देश से इस वर्ष करीब एक लाख लोग हज यात्रा पर जाएंगे।
भारतीय हज कमेटी के अध्यक्ष शमीम कैसर ने बताया कि हज के लिए श्रीनगर सहित देश के 21 स्थानों से हज उड़ानों का संचालन किया जाएगा। श्रीनगर से पहली उड़ान 17 अगस्त हो रवाना होगी।
कैसर ने यहां आज सुबह जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सइद से आज सुबह भेंट की और हज 2015 सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए उठाए गए कदमों की उन्हें जानकारी दी।
बैठक के दौरान कैसर ने श्रीनगर से सउदी अरब के मदीना मुनावराह तक सीधी उड़ान तथा सउदी अरब में हजयात्रियों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर चल रही तैयारियों के बारे में मुख्यमंत्री को बताया।
उन्होंने कहा कि सुविधाएं पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष बेहतर होंगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हज करने गए लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो।
प्रदेश हज कमेटी द्वारा की जा रही तैयारियों का जायजा लेने यहां पहुंचे कैसर ने कहा कि श्रीनगर से मदीना मुनावराह के लिए सभी सीधी उड़ानें एयर इंडिया द्वारा संचालित की जाएंगी।
Latest India News