यूपी (हरदोई): यूपी के हरदोई जिले में एक नाबालिग दलित लड़की से गैंगरेप का चौकाने वाला मामला सामने आया है। मामला चौकाने वाला इसलिए है क्योंकि इस वारदात के बाद पीड़िता की दोनों आंखे निकाल ली गईं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरोपियों को पकड़े जाने और पहचाने जाने का डर था इसलिए उन्होंने पीड़िता की आंखे निकालना मुनासिब समझा। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता की हत्या भी कर दी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह मामला हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मजरा लुकताना गांव का है। बुधवार की शाम पीड़िता अपने पिता के लिए दवाई लेने गई थी। लेकिन वो भूल से दवा दुकान पर ही छोड़ आई। घर आकर जब उसे याद आया कि वो दवा तो दवाखाने में ही भूल आई है तो वो फिर से दवाखाने गई। लेकिन घर से दोबारा दवाखाने जाने के बाद वो घर नहीं लौटी। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर जब लोगों ने तलाश शुरु की तो पीड़िता का शव एक खेत में पड़ा हुआ मिला। पीड़िता की हालात काफी दयनीय थी उसके तन पर कपड़े नहीं थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। शरीर पर चाकुओं के गहरे निशान थे। इतना ही नहीं उसकी आंखें भी निकाली जा चुकी थीं। बताया जाता है कि पीड़िता के साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाले लोग आरोपी पीड़ित परिवार के परिचित थे।
Latest India News