1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. रुड़की से ISIS के 4 आतंकी गिरफ्तार, निशाने पर था अर्द्धकुंभ

रुड़की से ISIS के 4 आतंकी गिरफ्तार, निशाने पर था अर्द्धकुंभ

दिल्ली पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि हरिद्वार अर्द्धकुंभ पर आतंकी हमला कर सकते हैं। दिल्ली पुलिस ने हरिद्वार के पास से एक संदिग्ध और उसके तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया है।

haridwar ardha kumbha- India TV Hindi
haridwar ardha kumbha

हरिद्वार: हरिद्वार अर्द्धकुंभ पर आतंकी साया मंडरा रहा है। दिल्ली पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि हरिद्वार अर्द्धकुंभ पर आतंकी हमला कर सकते हैं। दिल्ली पुलिस ने हरिद्वार के पास से एक संदिग्ध और उसके तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के मुताबिक पकड़े गए सभी 4 आतंकी ISIS से संबंधित हैं और उनपर पठानकोट अटैक में भी शामिल होने का शक है। आज संदिग्ध को पुलिस दिल्ली लाकर अदालत में पेश कर सकती है।

हरिद्वार के सीमावर्ती इलाके मंगौर से एक संदिग्ध को ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर पकड़ा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक संदिग्ध की गिरफ़्तारी आईबी के इनपुट के आधार पर की गई है। मंगौर में गिरफ़्तार किए गए इस संदिग्ध का नाम अख़लाक है। जानकारी मिली है कि अख़लाक के तीन सहयोगियों को भी हिरासत में लिया गया है। उत्तराखंड के रूड़की में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल फिलहाल इनसे पूछताछ करने में लगी है। अख़लाक को आज दिल्ली लाकर पुलिस अदालत में पेश कर सकती है।

दिल्ली पुलिस और CIA का संयुक्त ऑपरेशन

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि आतंकी हरिद्वार में चल रहे अर्द्धकुंभ के दौरान हमला कर सकते हैं। दिल्ली पुलिस और सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी के ज्वाइंट ऑपरेशन में मंगलवार को संदिग्ध अख़लाक को गिरफ़्तार कर लिया गया। जबकि उसे पनाह देने वाले तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया। फिलहाल पूरे उत्तराखंड में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आईबी के इनपुट के मुताबिक संदिग्ध अख़लाक का पठानकोट हमले से भी संबंध हो सकता है।सूत्रों के मुताबिक अख़लाक का संबंध आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से भी हो सकता है।

अर्द्धकुंभ में आतंकी साज़िश का मॉड्यूल ?

जानकारी मिली है कि हरिद्वार में चल रहे अर्द्धकुंभ में किसी आतंकी हमले की साज़िश होने की आशंका के चलते इन चारों से पूछताछ की जाएगी और ये पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि कहीं अर्द्धकुंभ में आतंकी साज़िश के लिए कोई मॉड्यूल तो सक्रिय नहीं है जो अपने नापाक मंसूबों को पूरा करने की कोशिश में लगा हुआ है।

कुंभ मेले के चलते पूरे उत्तराखंड में संदिग्ध आतंकी से संबंधित अलर्ट जारी किया गया है। दिन पहले ही आतंकी संगठन अल कायदा के एक आतंकी अब्दुल शमी को दिल्ली से सिर्फ 70 किमी दूर हरियाणा के नूह से गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियों को शक है कि अब्दुल शमी अल कायदा के इंडियन सबकॉन्टिनेंट मोड्यूल के आत्मघाती दस्ते का सदस्य है। एक-एक करके अल कायदा के कई आतंकी अब तक गिरफ्तार हो चुके हैं।इससे पहले स्पेशल सेल ने देश के अलग-अलग इलाकों से 4 आतंकियों को दबोचा था।

Latest India News