1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. एग्जिट पोल से उत्साहित भाजपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू की

एग्जिट पोल से उत्साहित भाजपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू की

लोकसभा चुनावों को लेकर एग्जिट पोल्स में हरियाणा के लिए दिखाए गए संभावित नतीजों में भाजपा को मजबूत स्थिति में दिखाया गया है। एग्जिट पोल्स नतीजों से उत्साहित भारतीय जनता पार्टी ने अब अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है।

manohar lal- India TV Hindi
Image Source : PTI मनोहर लाल खट्टर

चंडीगढ़। लोकसभा चुनावों को लेकर एग्जिट पोल्स में हरियाणा के लिए दिखाए गए संभावित नतीजों में भाजपा को मजबूत स्थिति में दिखाया गया है। एग्जिट पोल्स नतीजों से उत्साहित भारतीय जनता पार्टी ने अब अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है।

भाजपा की राज्य इकाई की रोहतक में हुई बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और राज्य इकाई के प्रमुख सुभाष बराला शामिल हुए। लोकसभा चुनाव के अधिकतर उम्मीदवार भी इस बैठक में शामिल हुए। राज्य में छठे चरण में 12 मई को मतदान हुआ था। हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में से 2014 में पार्टी ने सात पर जीत दर्ज की थी। पार्टी ने आठ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। खट्टर और बराला ने राज्य में इस बार सभी 10 सीटों पर जीत का आश्वासन जताया है।

खट्टर ने बैठक के बाद रोहतक में पत्रकारों से कहा, ‘‘ अधिकतर एग्जिट पोल में भाजपा को आठ से 10 सीटें मिल रही है। लेकिन मुझे भरोसा है कि भाजपा सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है।

उन्होंने कहा, ‘‘ आज हमने एक बैठक की। हम मंगलवार को अपने विधायकों के साथ बैठक करेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए हमने तैयारी शुरू कर दी है।’’ उन्होंने राजग के एक बार फिर पूरे बहुमत के साथ केन्द्र में अगली सरकार बनाने का आश्वासन भी जताया। 

Latest India News