1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हरियाणा में कोविड-19 के 2,388 नये मरीज सामने आए, 25 और की मौत

हरियाणा में कोविड-19 के 2,388 नये मरीज सामने आए, 25 और की मौत

हरियाणा में शुक्रवार को कोविड-19 से 25 और लोगों की मौत दर्ज की गई जिसके बाद मृतक संख्या बढ़कर 932 हो गई। वहीं शुक्रवार को 2,388 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई जिन्हें मिलाकर प्रदेश में महामारी की चपेट में आने वालों की संख्या

Haryana Coronavirus cases till 11 September- India TV Hindi
Image Source : PTI Haryana Coronavirus cases till 11 September

चंडीगढ़: हरियाणा में शुक्रवार को कोविड-19 से 25 और लोगों की मौत दर्ज की गई जिसके बाद मृतक संख्या बढ़कर 932 हो गई। वहीं शुक्रवार को 2,388 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई जिन्हें मिलाकर प्रदेश में महामारी की चपेट में आने वालों की संख्या बढ़कर 88,332 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दैनिक बुलेटिन के मुताबिक हरियाणा में 18,875 उपचाराधीन मरीज है जबकि 68,525 मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई है। 

शुक्रवार को करनाल में चार, गुड़गांव, सिरसा और अंबाला में तीन-तीन, यमुनानगर, पंचकुला, रोहतक और फरीदाबाद में दो-दो और पानीपत, पलवाल, भिवानी और कुरुक्षेत्र में एक-एक मरीज की मौत हो गई। बुलेटिन के मुताबिक शुक्रवार तक राज्य में संक्रमितों के ठीक होने की दर 77.58 प्रतिशत और मृत्युदर 1.06 प्रतिशत रही। राज्य में संक्रमितों की संख्या दोगुनी होने की दर 29 दिन है। 

भारत में अभी तक कोविड-19 के 35,42,663 मरीज हुए ठीक 

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि भारत कोविड-19 के रोजाना ठीक हो रहे मरीजों में से 60 प्रतिशत महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश से होते हैं। इन राज्यों में ही 57 प्रतिशत नए मामले भी सामने आते हैं। उसने बताया कि देश में आज की तरीख तक कोविड-19 के 35,42,663 मरीज ठीक हो चुके हैं, जिनमें से पिछले 24 घंटे में 70,880 मरीज ठीक हुए हैं। इनमें से महाराष्ट्र के 14,000 से अधिक और आंध्र प्रदेश के 10,000 से अधिक लोग हैं। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 96,551 नए मामले सामने आए, जिनमें से महारष्ट्र में 23,000 से अधिक और आंध्र प्रदेश में 10,000 से अधिक नए मामले सामने आए। 

उसने इस बात को रेखांकित किया कि देश में नए ठीक हुए मामलों में से महाराष्ट्र के 20.1 प्रतिशत, तमिलनाडु के 14.2 प्रतिशत, आंध प्रदेश के 9.9 प्रतिशत, कर्नाटक के 8.7 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश के 6.5 प्रतिशत मामले हैं। देश में मरीजों के ठीक होने की दर 77.65 प्रतिशत है। उसने कहा, ‘‘लगभग 57 प्रतिशत नए मामले इन्हीं राज्यों से आते हैं। इन्हीं राज्यों से ही रोजाना 60 प्रतिशत लोग ठीक भी हो रहे हैं।’’ 

मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 9,43,480 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 20.68 प्रतिशत है। उसने कहा कि सबसे अधिक 2,60,000 से ज्यादा लोगों का महाराष्ट्र में इलाज जारी है। इसके बाद कर्नाटक में 1,00,000 से अधिक लोगों का इलाज जारी है। मंत्रालय ने बताया कि कुल जितने मरीजों का इलाज जारी है, उनमें से 74 प्रतिशत लोग सबसे अधिक प्रभावित इन नौ राज्यों- महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, असम, ओडिशा और छत्तीसगढ़ से हैं। 

उसने बताया कि इनमें से महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के 48 प्रतिशत लोग हैं। आंकड़ों के अनुसार पिछले घंटे में जिन 1,209 लोगों की मौत हुई, उनमें से सबसे अधिक 495 लोग महाराष्ट्र के थे। इसके अलावा कर्नाटक के 129 और उत्तर प्रदेश के 94 लोग हैं। मंत्रालय के अनुसार भारत में एक दिन में कोविड-19 के 96,551 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर शुक्रवार को 45,62,414 हो गए। वहीं 1,209 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 76,271 हो गई। 

Latest India News