1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जुलाई से स्कूल खोलने की तैयारी में हरियाणा सरकार, 3 चरणों में खुलेंगे स्कूल

जुलाई से स्कूल खोलने की तैयारी में हरियाणा सरकार, 3 चरणों में खुलेंगे स्कूल

स्कूल खोलने के लिए शिक्षा विभाग को 7 जून तक रिपोर्ट देने के निर्देश

<p>Haryana Prepares to open school</p>- India TV Hindi
Image Source : FILE Haryana Prepares to open school

नई दिल्ली। कोरोना मामलों के नियंत्रण में रहने के संकेतों को देखते हुए हरियाणा सरकार ने जुलाई से स्कूलों को खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। शुरुआती योजना के मुताबिक प्रदेश के स्कूल 3 चरणों में खोले जाएंगे। स्कूल खोलने से पहले डेमो क्लास चलाई जाएंगी। सबसे पहले बड़ी क्लास को शुरू किया जाएगा तीसरे चरण में छोटे बच्चों के स्कूल खुलेंगे।फिलहाल प्रदेश सरकार उन तरीकों पर विचार कर रही है जिसकी मदद से बच्चे सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों के आधार पर पढ़ाई कर सकें।  प्रदेश सरकार ने इसके लिए सभी जिलों से सुझाव मांगे हैं। ।

 

शिक्षा निदेशालय से सभी जिला शिक्षा व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को इस बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं। इस कमेटी के सुझाव व सिफारिश पर ही सरकार अगला कदम उठाएगी। शिक्षा विभाग की तरफ से जारी आदेश में विभाग के अधिकारियों, सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के प्रधानाचार्यों, अभिभावकों और मीडियाकर्मियों से राय लेकर रिपोर्ट 7 जून तक उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए है ।

प्रदेश में कोरोना संकट की वजह से मार्च की शुरुआत से ही स्कूलों की पढ़ाई पर असर दिखने लगा था। सुरक्षा को देखते हुए कई स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया था। वहीं अब लॉकडाउन की वजह से अधिकांश स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां घोषित की जा चुकी हैं। 4 महीने स्कूल बंद रहने की वजह से सरकार जुलाई में सत्र शुरू होने के साथ ही स्कूल खोलना चाह रही है जिससे सत्र में देरी न हो और बच्चों की पढ़ाई पर असर न पड़े। फिलहाल हरियाणा में कोरोना का असर सीमित है। देश के कुल 2 लाख 7 हजार मामलों में से 3 हजार से भी कम मामले हरियाणा में हैं। इनमें से भी 11 सौ लोग ठीक हो चुके हैं। कल ही आई एक टेक कंपनी की रिपोर्ट के मुताबिक लॉकडाउन खुलने के साथ जिन 5 राज्यों में सबसे तेज रिकवरी देखने को मिली है उसमें हरियाणा भी शामिल है।

Latest India News