1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जाट आंदोलन: हरियाणा में तनाव बरकरार, 10 की मौत, कई ट्रेने रद्द

जाट आंदोलन: हरियाणा में तनाव बरकरार, 10 की मौत, कई ट्रेने रद्द

हरियाणा में जारी जाट आंदोलन के कारण गंभीर जल संकट की समस्या को भांपते हुए दिल्ली सरकार शनिवार रात सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई।

Jat agitation- India TV Hindi
Jat agitation

नई दिल्ली: जाट आंदोलन के दौरान हरियाणा में 10 लोगों की मौत हो गई और करीब 150 लोग जख्मी हो गए। यह बात आज यहां हरियाणा के डीजीपी यशपाल सिंघल ने बताई और कहा कि उनकी प्राथमिकता दिल्ली के लिए जल आपूर्ति को बहाल करना और सड़क एवं रेल मार्ग को शुरू कराना है।

जाट आंदोलन के बीच दिल्ली में जलसंकट पर CM अरविंद केजरीवाल ने जल मंत्री और जलबोर्ड के साथ इमरजेंसी मीटिंग की। उन्होंने बताया कि, मुनक नहर बंद होने से 7 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट ठप हो गए हैं। दिल्ली में आज केवल 60 फीसदी पानी की सप्लाई होगी। दिल्ली सरकार ने साफ कर दिया है कि उनके पास आज सुबह के बाद सप्लाई करने को पानी नहीं है।

CM केजरीवाल ने कहा कि पानी की किल्लत की वजह से सोमवार को दिल्ली के सभी स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है। दिल्ली में पानी का जितना भी स्टॉक बचा है उसे अब पूरी दिल्ली में बराबर बराबर बांटने का फैसला किया गया है। राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री ऑफिस, डिफेंस इंस्टॉलेशन्स औऱ अस्पतालों में पानी की सप्लाई सामान्य बनाए रखने की कोशिश होगी।

जाट आंदोलन के कारण गंभीर जल संकट की समस्या को भांपते हुए दिल्ली सरकार शनिवार रात सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई। उसने शीर्ष अदालत से केंद्र सरकार को मामले में हस्तक्षेप करने और राष्ट्रीय राजधानी को मुनक नहर से जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश देने को कहा। मुनक नहर पड़ोसी हरियाणा राज्य से आती है, जो पूरी तरह से जाट आंदोलन की गिरफ्त में है।

दिल्ली के जल मंत्री कपिल मिश्रा ने ट्वीट किया, 'दिल्ली सरकार जल संकट पर उच्चतम न्यायालय पहुंच गई है। याचिका स्वीकार हो गई है। इस पर रविवार सुबह सुनवाई होने की संभावना है।' इससे पूर्व दिल्ली सरकार के वरिष्ठ स्थायी अधिवक्ता राहुल मेहरा ने कहा कि याचिका उच्चतम न्यायालय में दाखिल की गई है, जिसमें मुद्दे पर जल्द सुनवाई की अपील की गई है। याचिका में कहा गया है कि केंद्र को मुनक नहर से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सेना तैनात करनी चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार ने बताया कि यह रविवार सुबह ही पता चलेगा कि दिल्ली सरकार की याचिका पर रविवार को सुनवाई होगी या सोमवार को। मेहरा ने कहा कि दिल्ली में तुरंत पानी की आपूर्ति होनी चाहिए, क्योंकि यह लोगों की जीवनरेखा है। उन्होंने साथ ही कहा कि दिल्ली में सारे जल संयंत्र बंद हो गए हैं, क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने नहर पर 'कब्जा' कर लिया है। दिल्ली में अगले एक दो दिन में भीषण जल संकट पैदा होता नजर आ रहा है, क्योंकि जाट आंदोलन के कारण 60 फीसदी जलापूर्ति प्रभावित हुई है।

Latest India News