1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हेडली ने कहा हाफिज सईद से प्रभावित होकर आतंकी संगठन में शामिल हुआ था

हेडली ने कहा हाफिज सईद से प्रभावित होकर आतंकी संगठन में शामिल हुआ था

नई दिल्ली: हेडली ने अदालत को बताया कि वह लश्कर के प्रमुख हाफिज सईद से प्रभावित होकर आतंकी संगठन शामिल हुआ था । हेडली की जासूसी ने हमला करने वाले लश्कर के 10 आतंकवादियों और

david headley- India TV Hindi
david headley

नई दिल्ली: हेडली ने अदालत को बताया कि वह लश्कर के प्रमुख हाफिज सईद से प्रभावित होकर आतंकी संगठन शामिल हुआ था । हेडली की जासूसी ने हमला करने वाले लश्कर के 10 आतंकवादियों और उनके आकाओं को अहम जानकारी उपलब्ध कराई। फिलहाल अदालत में मुख्य साजिशकर्ता सैयद जबीउद्दीन अंसारी उर्फ अबू जंदल के खिलाफ मुकदमा चल रहा है। उसके खिलाफ इन आतंकवादी हमलों में उसकी कथित भूमिका को लेकर मामला चल रहा है। हेडली की गवाही से मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों के पीछे के षड्यंत्र के बारे में कई अहम खुलासे हो रहे हैं। इन हमलों में 166 लोगों की मौत हुई थी। अदालत ने 10 दिसंबर 2015 को हेडली को इस मामले में सरकारी गवाह बनाया था और उसे आठ फरवरी को अदालत के समक्ष पेश होने को कहा था। उस समय हेडली ने विशेष न्यायाधीश जी ए सनप से कहा था कि अगर उसे माफ किया जाता है तो वह गवाही देने को तैयार है।

न्यायाधीश सनप ने हेडली को कुछ शर्तों के आधार पर सरकारी गवाह बनाया था और उसे माफी दी थी। मुंबई पुलिस ने पिछले साल आठ अक्तूबर को अदालत के समक्ष याचिका दायर कर कहा था कि हेडली के खिलाफ भी इस अदालत में इस मामले में मुंबई हमलों के अहम साजिशकर्ता अबू जंदल के साथ मुकदमा चलाया जाना चाहिए क्योंकि दोनों इस कायरतापूर्ण हमले के साजिशकर्ता और इसमें मददगार थे । मुंबई पुलिस ने याचिका में कहा था कि हेडली के खिलाफ अमेरिकी अदालत के निर्णय से यह स्पष्ट है कि वह लश्कर का सदस्य था और उसने आतंकवादी हमले में आपराधिक षड्यंत्र रचने में सक्रिय भूमिका निभाई थी।

विशेष सरकारी अभियोजक उज्ज्वल निकम ने कल कहा था, भारतीय कानून के इतिहास में पहली बार कोई विदेशी आतंकवादी किसी भारतीय अदालत में पेश होगा और बयान देगा। निकम ने कहा था कि 26-11 के हमले के पीछे के कई तथ्यों को सामने लाने के लिए हेडली की गवाही महत्वपूर्ण है। इस बीच मुंबई के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हेडली आपराधिक षड्यंत्र का व्यापक पहलू बता सकता है और हमलों में शामिल सभी लोगों की जानकारी दे सकता है। अधिकारी ने कहा, वह मामले में पाकिस्तान की भूमिका को भी उजागर कर सकता है। हेडली ने अदालत को बताया कि वह लश्कर के प्रमुख हाफिज सईद से प्रभावित होकर आतंकी संगठन शामिल हुआ था ।

Latest India News