नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में भीषण गरमी और लू से मरने वालो की संख्या 2005 के पार हो गई है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, झारखंड और राजस्थान में गर्म हवाओं का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अभी लू का प्रकोप जारी रहेगा ।
ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त ने एक बयान में बताया, ‘गर्मी से मरने वाले 17 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य 21 की मौत अन्य कारणों से हुई। इसके अलावा जिलाधिकारियों द्वारा 70 अन्य मौत के मामलों की जांच की जा रही है।’
आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में लू से मरने वाले लोगों की संख्या का बढ़ना जारी है। दोनों राज्यों में मिलाकर कुल 1979 लोगों की मौत हो चुकी है। कल से अब तक आंध्र प्रदेश में 156 और तेलंगाना में 49 और लोगों की मौत हो चुकी है। आंध्र प्रदेश में आज लू से मरने वालों की संख्या 1490 पहुंच गई है। तेलंगाना में कल तक लू से मरने वालों की संख्या 440 थी जो आज बढ़कर 489 हो गई।
ओडिशा में विशेष राहत आयुक्त कार्यालय को 108 कथित गर्मी से मरने वाले लोगों की सूचना प्राप्त हुई थी लेकिन सिर्फ 17 लोगों की मौत की ही पुष्टि की गई है। इसके अलावा गुजरात से सात और दिल्ली से दो लोगों के लू से मरने की खबर है।
तेलंगाना में अब तक नलगोंडा जिले में 126 लोग मारे गए हैं। इसके अलावा करीमनगर में 95, खम्माम में 92 और महबूबनगर में 37 लोगों की मृत्यु हो गई है। मेढक और रांगा रेड्डी जिलों में 35-35 लोग मारे गए हैं। लू ने आदिलाबाद में 22, वारंगल में 20, निजामाबाद में 17 और हैदराबाद में 10 लोगों की जान ले ली।
मौसम विभाग ने ओडिशा में प्रचंड गर्म हवाओं के चलने का अंदेशा जताया है।
Latest India News