1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मप्र में बारिश और बाढ़ से 11 लोगों की मौत, फिर भारी बारिश का अलर्ट

मप्र में बारिश और बाढ़ से 11 लोगों की मौत, फिर भारी बारिश का अलर्ट

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अनेक भागों में पिछले कुछ दिन से हो रही लगातार तेज बारिश से कई निचले स्थानों पर बाढ़ की स्थिति बन गई है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

bhopal- India TV Hindi
bhopal

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अनेक भागों में पिछले कुछ दिन से हो रही लगातार तेज बारिश से कई निचले स्थानों पर बाढ़ की स्थिति बन गई है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वर्षा और बाढ़ से प्रदेश में 11 लोगों की मौत हुई है।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहां संवाददताओं को बताया कि प्रदेश में पिछले तीन-चार दिन से हो रही लगातार तेज बारिश और बाढ़ से 8 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दो लोगों की मौत भोपाल में तथा टीकमगढ़, रीवा, झाबुआ, बैतूल, रायसेन और पन्ना जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

पुलिस ने बताया कि इसके अलावा भोपाल की शाहपुर झील के पास एक नाले में बाइक सहित बहने से सौरभ कटियार (21) नामक युवक की आज दोपहर मौत हो गई। इससे पहले मंडला और सिंगरौली जिले में नाले के पानी के तेज बहाव में बहने से दो लोगों की मौत की सूचना मिली थी।

heavy rain

मुख्यमंत्री ने बताया कि होशंगाबाद में नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। उन्होंने बताया कि बाढ़ से लोगों को राहत पहुंचाने के लिये प्रदेश स्तरीय सहायता केन्द्र शुरू किया गया है। कोई भी बाढ़ पीड़ित व्यक्ति फोन नं 1079 के जरिये इस केन्द्र से संपर्क कर सकता है।

चौहान ने बताया कि भोपाल के निकट हलाली बांध पर कल होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक स्थगित कर दी गई है। उन्होंने मंत्रियों को बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाकर राहत कार्यों का जायजा लेने के निर्देश दिये हैं। भोपाल के मौसम केन्द्र के अनुसार अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतर इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।

Latest India News