देश के कई हिस्सों में कहर बनकर बरसी बारिश, अब तक दर्जनों लोगों की मौत, जनजीवन प्रभावित
सबसे ज्यादा लोग उत्तर प्रदेश में मारे गए जबकि बिहार में लगातार बारिश से राज्य की राजधानी पटना की सड़कों और अन्य क्षेत्रों में जलभराव हो गया।

जम्मू-कश्मीर में भी जनजीवन हुआ प्रभावित
वहीं जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में 22 वर्षीय महिला पर बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। जम्मू प्रांत के कई हिस्सों में भारी बारिश के चलते जलभराव और यातायात जाम के कारण शनिवार सुबह जनजीवन बाधित हो गया। बहरहाल, बारिश से किसी तरह के बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है। पिछले कुछ दिनों से गर्मी झेल रहे शहर के लोगों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। मौसम कार्यालय ने एक अक्टूबर तक क्षेत्र में कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश का अनुमान जताया है। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ के कारण जल स्रोत भरने के चलते निचले इलाकों में मकानों और दुकानों में बारिश का पानी भर गया जिससे लोगों को दिक्कतें हुईं। उन्होंने बताया कि प्रभावित इलाकों में किसी तरह के नुकसान की बड़ी खबर नहीं है लेकिन नदियों के मुहाने पर बने कुछ अवैध इमारतों को अचानक पानी का प्रवाह बढ़ने के कारण नुकसान पहुंचा है।
महाराष्ट्र, कर्नाटक पर भी भारी बारिश का असर
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू प्रांत के अन्य जिलों से भी भारी बारिश की खबरें प्राप्त हुई हैं। हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में शनिवार को हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम के अधिकतम तापमान में औसत से दो-तीन डिग्री की गिरावट आई। इस बीच, महाराष्ट्र और कर्नाटक में भारी बारिश के बाद कृष्णा नदी फिर से ऊफान पर है। नतीजतन आंध्र प्रदेश में पहले से ही भरे हुए बांधों के जलस्तर और बढ़ गया। भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को उत्तर गुजरात के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और सप्ताहांत में राज्य के सौराष्ट्र-कच्छ इलाके में भारी बारिश का अनुमान लगाया है। (भाषा)