नई दिल्ली: पठानकोट वायुसेना अड्डे पर आतंकवादी हमला और उसके बाद दर्जनभर आतंकवादियों की गिरफ्तारी को देखते हुए गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सुरक्षा अभेद्य किले में तब्दील कर दी गई है। इसके लिए 1000 निशानेबाजों के साथ ही 49 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
इसके साथ ही प्रमुख स्थलों पर 15 हजार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इस बार फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि हैं। राजपथ इलाके के दो किलोमीटर दायरे में किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के निशानेबाज ऊंची इमारतों पर तैनात रहेंगे। राजपथ पर होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद, राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहेंगे।
पुलिस ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह के मद्देनजर 49 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, जिसमें 15 हजार अर्धसैनिक बल, 34 हजार दिल्ली पुलिस के जवान दिल्ली की सड़कों पर 26 जनवरी को सुबह पांच बजे से तैनात रहेंगे।
सूत्रों ने कहा कि मध्य, उत्तरी और नई दिल्ली जिले में 20 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद के दिल्ली आगमन के मद्देनजर करीब 20 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती रविवार से ही कर दी गई है। ओलांद रविवार से भारत के तीन दिवसीय दौरे पर हैं।
करीब 15 हजार सीसीटीवी कैमरे परेड स्थल पर स्थापित किए गए हैं। रायसीना हिल के विजय चौक से लेकर लालकिले तक यह व्यवस्था की गई है। इस मार्ग में राजपथ, इंडिया गेट, तिलक मार्ग, बहादुरशाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग शामिल होंगे।
26 जनवरी को परेड सुबह 9.30 बजे शुरू होगा और 12.30 बजे खत्म होगा। विजय चौक से इंडिया गेट के बीच यातायात सोमवार अपराह्न तीन बजे बंद कर दिया जाएगा, जो मंगलवार को परेड समाप्त होने तक बंद रहेगा। इसके अलावा रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड पर यातायात सोमवार रात 11 बजे से लेकर परेड समाप्त होने तक बंद रहेगा।
Latest India News