1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हिमाचल प्रदेश: सोलन के पास खाई में गिरी बस, 8 की मौत, 20 घायल

हिमाचल प्रदेश: सोलन के पास खाई में गिरी बस, 8 की मौत, 20 घायल

सोलन जिले में दरलाघाट के नजदीक एक निजी बस 150 फुट गहरी खाई में गिर गई जिसमें 5 महिलाओं समेत कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गये।

solan bus accident- India TV Hindi
solan bus accident

सोलन: यहां से 50 किलोमीटर दूर सोलन जिले में दरलाघाट के नजदीक एक निजी बस 150 फुट गहरी खाई में गिर गई जिसमें 5 महिलाओं समेत कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गये। दरलाघाट के डीसएपी नरवीर राठौर ने बताया कि कल घटी इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य ने आईजीएमसी अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

डीएसपी ने बताया कि मृतकों में से चार की पहचान बिलासपुर के 30 वर्षीय विकास, मंडी की 21 वर्षीय तृप्ता, झारखंड के 40 वर्षीय बनारसी महतो और कुल्लू जिले के 35 वर्षीय चौहान सिंह के रूप में की गई है जबकि अन्य की पहचान की जानी है। जब दुर्घटना हुई तब बस में 40 से अधिक लोग सवार थे और यह शिमला जिले रोहारो क्षेत्र के चिरगांव से मंडी जा रही थी।

IGMC में भर्ती पांच घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के कारण का पता नहीं चल पाया है लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक मोड़ पर बस को नियंत्रित नहीं कर पाया था।

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और परिवहन मंत्री जी एस बाली ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।

Latest India News