1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पुजारी को जान से मारने की धमकी के मुद्दे को भारत ने बांग्लादेश के साथ उठाया

पुजारी को जान से मारने की धमकी के मुद्दे को भारत ने बांग्लादेश के साथ उठाया

नई दिल्ली: ढाका में रामकृष्ण मिशन के एक पुजारी को जान से मारने की धमकी भरा खत मिलने के बाद भारत ने इस मुद्दे को बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ उठाया है और परिसर की सुरक्षा

vikas swarup- India TV Hindi
vikas swarup

नई दिल्ली: ढाका में रामकृष्ण मिशन के एक पुजारी को जान से मारने की धमकी भरा खत मिलने के बाद भारत ने इस मुद्दे को बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ उठाया है और परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। आईएसआईएस ने पत्र भेजने का दावा किया है। रामकृष्ण मिशन को बुधवार को एक धमकी भरा खत मिला जिसमें कहा गया है कि अगर पुजारी अपने धर्म का प्रचार जारी रखते हैं तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। पिछले कुछ महीने में देशभर में संदिग्ध आतंकवादियों ने कई लोगों की हत्या की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने आज कहा कि भारतीय उच्चायोग ने इस मुद्दे को बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय और पुलिस के साथ उठाया है। उन्होंने कहा, ढाका में भारतीय उच्चायोग ने बांग्लादेशी पुलिस और विदेश मंत्रालय दोनों से संपर्क किया है और उन्हें पूरी तरह सहयोग और संरक्षण का आश्वासन दिया गया है। हम ढाका में आरके मिशन के साथ भी सीधे संपर्क में हैं।

स्वरूप ने कहा कि परिसर में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गयी है। उन्होंने कहा कि उच्चायोग में प्रथम सचिव (वाणिज्य दूतावास संबंधी) ने आज सुबह आरके मिशन का दौरा कर सुरक्षा का जायजा लिया। ढाका का रामकृष्ण मिशन कोलकाता के बेलूर मठ की शाखा है।

ढाका में एक पुलिस अधिकारी ने कल बताया था कि पुजारी को बुधवार शाम को कंप्यूटर से छपे आईएस के लैटरहैड पर लिखा खत मिला है जिसमें भेजने वाले ने एबी सिद्दीकी के तौर पर अपनी पहचान दी है। अधिकारी ने खत के हवाले से कहा, बांग्लादेश एक इस्लामिक स्टेट है। आप यहां अपने धर्म का प्रचार नहीं कर सकते। अगर आप उपदेश देते रहे, तो आपको 20 से 30 तारीख के बीच चाकू से मौत के घाट उतार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्र में महीने का उल्लेख नहीं है।

संदिग्ध इस्लामिस्टों ने पिछले कुछ महीने में बांग्लादेश में कई धर्मनिरपेक्ष कार्यकर्ताओं, हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों की हत्या कर दी जिसके बाद अधिकारियों ने शुक्रवार से एक राष्ट्रव्यापी आतंकवादी विरोधी अभियान शुरू किया है।

Latest India News