श्रीनगर: जम्मू एवं कश्मीर के पुलवामा जिले में शनिवार को आतंकवादी संगठन हिज्बुल मुजाहिद्दीन (एचएम) के एक कमांडर ने शनिवार को आत्मसमर्पण कर दिया। इससे कश्मीर घाटी में बुरहान गिरोह के आतंकवादियों को गहरा झटका लगा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने श्रीनगर में आईएएनएस को बताया, "बुरहान वानी के सहयोगी और हिज्बुल कमांडर तारिक पंडित ने सुरक्षाबलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।"
रक्षा सूत्रों के मुताबिक, हिज्बुल कमांडर ने आतंकवाद विरोधी गतिविधियों के लिए तैनात 55 राष्ट्रीय राइफल्स के अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।
सोशल मीडिया पर जारी तस्वीरों में तारिक को वानी तथा उसके सहयोगियों के साथ हथियारों से लैस तथा लड़ाकू परिधान में देखा गया है।
पुलवामा जिले का युवा बुरहान वानी पिछले करीब छह माह से यहां आतंकवादी गिरोहों के बीच अपना दबदबा कायम किए हुए है। वह पढ़े-लिखे युवाओं को आतंकवादी गिरोहों में शामिल होने के लिए उकसा रहा है।
हालांकि उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं, पर प्रशासन को इसमें कामयाबी नहीं मिली है।
सुरक्षाबलों ने वानी की सूचना देने वालों के लिए 10 लाख रुपये के ईनाम की घोषणा कर रखी है।
Latest India News