1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. UP: घर में लगी आग, भाई-बहन जिंदा जले, बिहार में भी आग से 2 की मौत

UP: घर में लगी आग, भाई-बहन जिंदा जले, बिहार में भी आग से 2 की मौत

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव नकहरा के एक घर में लगी भीषण आग की चपेट में आकर सगे भाई और बहन जिंदा जल गए।

fire- India TV Hindi
fire

गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव नकहरा के एक घर में लगी भीषण आग की चपेट में आकर सगे भाई और बहन जिंदा जल गए। आग की चपेट में आकर आधा दर्जन फूस के घर और दो दुकानें भी जल गईं। रात में ही प्रधान की ओर से सूचना दिए जाने के बाद भी मौके पर दमकल और पुलिस नहीं पहुंची। घटना के घंटों बाद पुलिस सोमवार सुबह मौके पर पहुंची, जिससे ग्रमीणों में आक्रोश है।

जानकारी मिली है कि नकहरा गांव में किसान सुरेश के घर रविवार रात 2 बजकर 30 मिनट पर अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग फैलते ही माता-पिता के साथ अन्य परिवारीजन बाहर आ गए, जबकि पांच वर्षीय रवि और चार वर्षीय मोहिनी घर के अंदर ही छूट गए। जब तक दोनों को बचाने का प्रयास किया जाता, तब तक आग भयावह रूप से घर को चपेट में ले चुकी थी।

आग की लपटों में धू-धू कर जलते घर में दोनों मासूमों की मौत हो गई। मां कलावती का रो-रो कर बुरा हाल है। आग फैलने से आसपास के छह घर और दो दुकानें भी जल गईं।

आग लगने से दो बच्चों की मौत, 250 घर जलकर नष्ट:

बिहार के समस्तीपुर जिले के उजियारपुर प्रखंड अन्तर्गत बलरामपुर गांव में सोमवार दोपहर आग लगने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 250 घर जलकर नष्ट हो गए।

उजियारपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि मृतकों में मुकेश पासवान के आठ वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार एवं नौ वर्षीय पुत्री डौली कुमारी शामिल है। उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर खाना बनाने के क्रम में उक्त गांव के एक घर में चूल्हे से निकली चिंगारी से उक्त घर में लगी आग से अन्य 250 घर जलकर नष्ट हो गए।

संजीव ने बताया कि मौके पर पहुंचे अग्निशामक दल के कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है और पीडि़तों के बीच राहत मुहैया कराने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

Latest India News