विशाखापत्तनम: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के रिफाइनरी प्लांट में भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों ने प्लांट में बड़े विस्फोट की आवाज सुनी है। जिला दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग को काबू में किया।
प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों को वहां से बाहर निकाल लिया गया है। संयंत्र में किसी के मरने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है। अभी घटना के कारण का पता नहीं चल सका है। स्थानीय प्रशासन इसका पता लगाने में जुट गया है कि आखिर आग किस वजह से लगी है।
HPCL ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि HPCL की विशाख रिफाइनरी की एक क्रूड प्रोसेसिंग यूनिट में आज आग लग गई। सुरक्षा उपाय और अग्निशमन तुरंत सक्रिय कर दिया गया। आग बुझा दी गई है। कोई हताहत नहीं है और जनता के लिए कोई जोखिम नहीं है। अन्य रिफाइनरी परिचालन सामान्य हैं।
डीसीपी ऐश्वर्या रस्तोगी ने बताया कि जानकारी के अनुसार, एचपीसीएल के यूनिट-3 प्लांट में विस्फोट की सूचना मिली। मौके पर दमकल की पांच गाड़ियां पहुंचीं। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
Latest India News