नयी दिल्ली: दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने कहा कि इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड :आईजीएल: सीएनजी सत्यापित कारों के लिए मंगलवार से अपने स्टिकर जारी करेगा। आम आदमी पार्टी सरकार ने एक जनवरी से शुरू हो रही वाहनों की सम विषम नंबर वाली योजना के तहत आईजीएल के स्टिकर वाली सीएनजी चालित कारों को छूट दी है।
हालांकि, सरकार ने चेतावनी दी है कि यदि कोई इन सीएनजी स्टिकरों की जाली प्रति के साथ पाया गया तो उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत मुकदमा चलाया जाएगा और भारी जुर्माना लगाया जाएगा। परिवहन मंत्री ने बताया कि आईजीएल सीएनजी चालित वाहनों के लिए खास विशेषताओं और एक उपकरण से पहचाने जा सकने योग्य एक विशेष लोगो का वितरण कल से शुरू करेगा।
आईजीएल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में 95 सीएनजी स्टेशन हैं, नोएडा और गाजियाबाद में सात...सात और ग्रेटर नोएडा में पांच स्टेशन है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में करीब पांच लाख सीएनजी वाहन चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीएनजी स्टिकर कार के आगे वाली कांच पर चिपका होगा ताकि यह आसानी से दिख सके।
Latest India News