नई दिल्ली: भारतीय मौसम विज्ञान केन्द्र (आईएमडी) ने गुरुवार को पूर्वानुमान लगाया कि अगले सप्ताह रात का तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। आईएमडी ने बताया कि महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा, तेलंगाना, रायलसीमा के हिस्सों, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र, पंजाब और हरियाणा, ओडिशा और गंगा वाले पश्चिम बंगाल के क्षेत्र में लू जैसी स्थितियां रह सकती हैं।
आईएमडी ने कहा कि 12 से 21 अप्रैल के दौरान भारत के ज्यादातर भागों में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। जबकि उत्तरपश्चिम भागों (राजस्थान, गुजरात, पंजाब और जम्मू कश्मीर) में तापमान सामान्य के आस पास ही रह सकता है। एक निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट ने कहा कि देश के ज्यादातर भाग में भीषण लू स्थितियां हैं। एजेंसी ने कहा कि कई स्थानों पर तापमान 40 डिग्री के आंकड़े को पार कर गया है। उदाहरण के लिए, ओडिशा के टिटलागढ़ और आंध्र प्रदेश के नालगोंडा में अधिकतम तापमान क्रमश: 45 और 44 डिग्री सेल्सियस रहा। हैदराबाद में भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा जो 43 वर्ष में अधिकतम है।
तेलंगाना में गर्मी से 35 की मौत, सरकार ने जारी किया अलर्ट
तेलंगाना में शदीद गर्मी से अभी तक 35 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य सरकार ने गर्म हवाओं के प्रभाव को कम करने के लिए एहतियाती उपाय करने के संबंध में सभी जिलों में अलर्ट जारी किए हैं। एक अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से उपर रहने की संभावना है।
राज्य के प्रधान सचिव (राजस्व) बी.आर. मीणा ने बताया, हमने सभी जिला कलेक्टरों और संबद्ध अधिकारियों को लू संबंधी अलर्ट जारी किए हैं। लोगों को दोपहर में बाहर नहीं जाने की सलाह दी जाती है। उन्होंने कहा, हमने ग्रामीण जल विभाग को पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण करने को कहा है। अभी तक गर्मी की चपेट में आने से 35 लोगों की मौत हो चुकी है। एक सप्ताह पहले जारी एक विज्ञप्ति में राज्य सरकार ने कहा था कि राज्य में लू लगने से 66 जानें जा चुकी हैं। हालांकि, मीणा ने इन आंकड़ों से इनकार किया।
ओडिशा में गर्मी और लू से 19 की मौत
ओडिशा में भयंकर गर्मी और लू के चलते सोमवार (11 अप्रैल) तक 19 लोगों की मौत हो चुकी थी। इन हालात को देखते हुए सरकार ने सभी विद्यालयों को 20 अप्रैल तक बंद करने की घोषणा कर दी थी। यहां दिन चढ़ते ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर रहा है जो सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर रहा है।
Latest India News