श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने भारत-पाक वार्ता की बहाली की सराहना करते हुए दोनों पड़ोसी देशों के बीच दीर्घकालीन रणनीतिक साझेदारी का आह्वान किया है।
सईद ने भारत और पाकिस्तान के बीच समग्र द्विपक्षीय वार्ता आयोजित करने की दिशा में प्रगति का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि दोनों देश सुलह-सफाई की प्रक्रिया अपनाएंगे। मुख्यमंत्री ने शनिवार शाम यहां अपनी पार्टी पीडीपी की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा, वार्ता की पहल एक लंबी छलांग है...पाकिस्तान के प्रति भारत की नीति में बड़ा परिवर्तन है।
सईद ने कहा,अब जब दोनों देशों ने फिर से वार्ता के लिए बड़ी परिपक्वता दिखाई है, इसने बरसों से क्षेत्र में शांति और स्थिरता की कामना करने वाले जम्मू-कश्मीर के लोगों के बीच उम्मीद और आकांक्षा पैदा की है। उन्होंने अपना नारा दोहराया कि ना बंदूक से ना गोली से, बात बनेगी बोली से।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच दोस्ताना एवं शांतिपूर्ण रिश्तों से जम्मू-कश्मीर के लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा।
सईद ने कहा, मैंने हमेशा यह बात कही है कि वार्ता एक विकासात्मक प्रक्रिया है जिसमें नतीजा महज एक दिन में हासिल नहीं किया जाता।
Latest India News