नई दिल्ली: भारत ने जम्मू एवं कश्मीर में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय संबंध में तनाव बढ़ने के बीच गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान से ज्यादा कूटनीतिक सफलता हासिल करने का दावा किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने संवाददाताओंसे कहा कि भारत दुनिया को बता रहा है कि पाकिस्तान किस प्रकार आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है।
स्वरूप ने कहा, "हमारे कार्य खुद ही सब कुछ बयां कर देते हैं और आप देख सकते हैं कि हमारे कार्य परिणाम दे रहे हैं।"
स्वरूप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने भाषण में कश्मीर मुद्दा प्रमुखता से उठाने के एक दिन बाद यह बात कही।
प्रवक्ता ने कहा कि ज्यादातर देशों ने रविवार को नियंत्रण रेखा के पास उड़ी में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की है।
स्वरूप ने कहा, "संयुक्त राष्ट्र में किसी भी, और मैं दोहरा रहा हूं कि किसी भी अन्य देश ने उस विषय पर बात नहीं की, जिस पर नवाज शरीफ ने अपना 80 प्रतिशत समय दिया।"
यह पूछे जाने पर कि क्या भारत आतंकवादी गतिविधियों में पाकिस्तान के शामिल होने को लेकर कोई नया डोजियर तैयार कर रहा है, स्वरूप ने कहा, "हमें किसी डोजियर की जरूरत नहीं है। पूरी दुनिया आतंकवाद को बढ़ावा देने में पाकिस्तान की भूमिका के बारे में जानती है।"
Latest India News