नई दिल्ली: असहनशीलता के मुद्दे पर बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के पिता सलीम खान ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कम्यूनल नहीं हैं। एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में सलीम ने कहा कि पूरी दुनिया में मुस्लिमों के रहने के लिए भारत से अच्छा देश हो ही नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि अगर मुसलमान भारत में रहना चाहते हैं तो उन्हें देश और देश के संस्कृति का सम्मान करना होगा।
बता दें सलीम खान और नरेंद्र मोदी के संबंध काफी अच्छे हैं। सलमान भी उनके आम चुनाव जीतने के बाद शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली गए थे।
सलीम ने कहा कि मैं मुसलमानों से पूछना चाहता हूं कि क्या वह पाकिस्तान, अफगानिस्तान, इराक या ईरान में जाकर रहना पसंद करेंगे! भारत ही वह अकेला देश है जहां आप रहना चाहते हैं तो देश और संस्कृति का सम्मान कीजिए। आपसी प्रेम से रहिए।'
पुरस्कार लौटाने वालों का समर्थन करते हुए सलीम ने कहा कि सरकार को इन्टॉलरेंस के मुद्दे पर कदम उठाना चाहिए। कहानीकार ने कहा 'इस बात को मान लेना चाहिए कि कहीं न कहीं दिक्कत जरूर है और इसे बातचीत से हल किया जाना चाहिए। जिन लोगों ने अवॉर्ड लौटाए हैं वे पढ़े-लिखे और समझदार हैं। उनकी बात सुनी जानी चाहिए और सत्ता में बैठे लोगों को प्रॉब्लम का हल खोजना चाहिए।'
एफटीआईआई के चेयरमैन मुद्दे पर सलीम ने कहा है 'अगर गजेंद्र चौहान के पास सेल्फ रिस्पेक्ट है तो उन्हें खुद ही पद छोड़ देना चाहिए क्योंकि जिन लोगों के साथ उन्हें काम करना है, वे लोग ही उनको पसंद नहीं कर रहे हैं।'
Latest India News