नई दिल्ली: भारत सरकार ने शराब कारोबारी विजय माल्या पर शिकंजा कसना और तेज कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने बताया है कि भारत ने विजय माल्या के प्रत्यर्पण को लेकर ब्रिटेन को एक पत्र लिखा है। आपको बता दें कि विजय माल्या पर करीब 94 हजार करोड़ रुपए की देनदारी है और वो फिलहाल ब्रिटेन में रह रहे हैं।
गुरुवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने बताया कि शराब कारोबारी विजय माल्या के प्रत्यर्पण के लिए ब्रिटिश उच्चायोग को एक पत्र लिखा गया है। मंत्रालय ने पहले ही बैंकों के करोड़ों रुपयों की देनदारी के मामले में जांच के लिए प्रस्तुत नहीं होने पर माल्या का राजनयिक पासपोर्ट रद्द कर दिया है। माल्या के नाम से गैर जमानती वारंट भी जारी किया जा चुका है।
2 मार्च को माल्य ने छोड़ दिया था भारत:
आपको बता दें कि विजय माल्या बीते 2 मार्च को ही भारत से लंदन चले गए थे। भारत सरकार माल्या से कई बार जांच में सहयोग की मांग कर चुकी है लेकिन वो कई बार भारत वापस आने के आदेशों की अवहेलना कर चुके हैं। बीते मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट माल्या के तीन बच्चों और उनकी पत्नी से जुड़ी संपत्तियों के बारे में बैंकों को जानकारी दे चुका है। साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने एसबीई के नेतृत्व में बनी बैंकों की इस कंसोर्टियम से यह भी कहा है कि वो दो महीनों के भीतर बताएं कि उन्होंने इस मामले में क्या कार्रवाई की है।
Latest India News