1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सेना का पूर्वोत्तर में सैनिकों के 'विद्रोह' से इनकार

सेना का पूर्वोत्तर में सैनिकों के 'विद्रोह' से इनकार

सेना ने पूर्वोत्तर में प्रशिक्षण के दौरान एक जवान की जान चली जाने के बाद पैदल टुकड़ी में 'विद्रोह' से रविवार को इनकार किया।

Indian Soldier
- India TV Hindi
Indian Soldier

नई दिल्ली: सेना ने पूर्वोत्तर में प्रशिक्षण के दौरान एक जवान की जान चली जाने के बाद पैदल टुकड़ी में 'विद्रोह' से रविवार को इनकार किया। सेना ने हालांकि माना कि इस घटना के बाद अन्य जवान आक्रोशित हो गए थे और वरिष्ठ अधिकारी से उनकी झड़प भी हुई थी, जिसमें एक अधिकारी घायल हुआ था। लेकिन, सेना ने 'विद्रोह जैसी' किसी स्थिति से इनकार किया है।

सेना ने एक बयान में कहा, "पूर्वोत्तर में पैदल टुकड़ी के एक जवान की जान नियमित प्रशिक्षण के दौरान चली गई। लेकिन इसके बाद विद्रोह जैसी कोई स्थिति नहीं हुई।" बताया जा रहा है कि जवान ने रूट मार्च शुरू होने से पहले सीने में दर्द की शिकायत की थी। चिकित्सा अधिकारियों ने उनकी जांच की थी और उन्हें फिट पाया था। लेकिन, प्रशिक्षण के दौरान वह गिर पड़े।

सेना के मुताबिक, इस घटना ने चार-पांच जवानों को अत्यधिक भावुक कर दिया और जब एक वरिष्ठ अधिकारी उन्हें ढांढस बंधा रहे थे, तभी उनका आक्रोश फूट पड़ा और वे अधिकारी से उलझ गए। सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। मामले की जांच की जा रही है।

Latest India News