1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. यमन से पड़ोसी मुल्क के लोगों को भी सुरक्षित ला रही है भारतीय सेना

यमन से पड़ोसी मुल्क के लोगों को भी सुरक्षित ला रही है भारतीय सेना

नई दिल्ली: भारतीय नौसेना यमन में फंसे हिंदुस्तानियों को निकालने में ही नहीं जुटी है बल्की पड़ोसी मुल्कों के लोगों को भी सुरक्षित निकालने का काम कर रही है। भारतीय सेना ने पिछले दिनों यमन

- India TV Hindi

नई दिल्ली: भारतीय नौसेना यमन में फंसे हिंदुस्तानियों को निकालने में ही नहीं जुटी है बल्की पड़ोसी मुल्कों के लोगों को भी सुरक्षित निकालने का काम कर रही है। भारतीय सेना ने पिछले दिनों यमन के अल-हुदायदाह शहर से पोत के जरिये अपने नागरिकों के साथ-साथ 2 नेपाली, 3 पाकिस्तानी और 3 बांग्लादेशी नागरिकों को भी सुरक्षित निकाल लिया। शनिवार को करीब 800 भारतीयों को यमन से सुरक्षित निकाला गया।

भारत के पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान ने भी दावा किया कि आंतरिक हिंसा से जूझ रहे यमन में फंसे अपने नागरिकों के अलावा उसने 11 भारतीयों को भी वहां से निकाला है। इस्लामाबाद की ओर से यह बयान भारत के उस दावे के बाद आया है जिसमें कहा गया था कि उसकी सेना ने भारतीयों के अलावा पाकिस्तान समेत पड़ोसी देशों के कुछ नागरिकों को यमन से सुरक्षित निकाला है। इस्लामाबाद ने कहा कि यमन के मोकल्ला शहर से 148 पाकिस्तानी नागरिकों के अलावा 35 विदेशी नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया है।

इसके साथ ही इस हिंसाग्रस्त देश से निकाले गए भारतीयों की संख्या 1800 पहुंच गई। इस खाड़ी देश के विभिन्न इलाकों में जंग के कारण अभी फंसे 2,000 से ज्यादा भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी का अभियान लगातार जारी है।

अदन से भारतीयों को लेने पहुंचा नौसेना का आइएनएस मुंबई पोत इस बंदरगाह शहर में भारी गोलाबारी के चलते तट पर नहीं पहुंच सका। जहाज को तट से पांच-छह किलोमीटर दूर रोका गया है। इसके चलते भारतीय नागरिकों को छोटी नावों के जरिये जहाज तक पहुंचाया जा रहा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने बताया कि शनिवार को एयर इंडिया की दो उड़ानों के जरिये सना से 325 भारतीयों को जिबूटी लाया गया। सूत्रों के मुताबिक विद्रोहियों के हमले तेज होने से सना में हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। खासकर रात के समय भारी गोलाबारी और मिसाइल हमले हो रहे हैं।

अकबरुद्दीन ने कहा कि यमन के हवाई क्षेत्र को नो फ्लाई जोन घोषित किए जाने के कारण हवाई मार्ग से भारतीयों की निकासी मुश्किल हो रही है। भारत ने सऊदी अरब से अपील की है कि वह सना के लिए रोजाना उड़ानें संचालित करने की इजाजत दे। अब तक यमन से सुरक्षित निकाले गए भारतीयों में 337 केरल, 246 महाराष्ट्र और 86 आंध्र प्रदेश व तेलंगाना के हैं। बिहार के 15 और दिल्ली के 48 लोग भी सुरक्षित लौटे हैं।

अदन में भारी गोलाबारी के बीच से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के अभियान में जुटी भारतीय नौसेना ने यहां सुरक्षा के लिए गाइडेड मिसाइल विध्वंसक भी तैनात किया है। अदन बंदरगाह के कुछ ही दूर तैनात किया गया यह युद्ध पोत 'ऑपरेशन राहत' का हिस्सा है।

Latest India News