जयपुर: राजस्थान एटीएस पुलिस ने आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एण्ड सीरिया (आईएसआईएस) के लिए कार्य करने, इन्टरनेट पर इसका प्रचार-प्रसार करने, लोगों को इसके सदस्य बनने के लिये प्रेरित करने एवं अन्य राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के आरोप में मोहम्मद सिराजुद्दीन नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मोहम्मद सिराजुद्दीन मूल रूप से कर्नाटक के गुलबर्गा से संबंध रखता है और यहां इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन में मार्केटिंग मैनेजर के रूप में काम करता था।
एटीएस के मुताबिक वह सोशल मीडिया के जरिए विशेष समुदाय के युवाओं को भड़काकर आईएस में भर्ती होने के लिए उकसाता था। प्रदेश में इस बड़े खुलासे के बाद खुफिया एजेंसियों के होश उड़ गए हैं। सिराजुद्दीन का व्हाट्सएप, फेसबुक और टेलीग्राम का एकाउंट खोला तो अधिकारी दंग रह गए। वह कई ग्रुप से जुड़ा हुआ था, जिन पर वह आतंकी और जिहादी विचारधारा का प्रचार प्रसार कर रहा था। उसने आपत्तिजनक मैसेज, फोटो और वीडियो भी बड़ी तादाद में पोस्ट किए।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एटीएस एवं एसओजी) डॉ आलोक त्रिपाठी ने बताया कि प्राप्त सूचना के सत्यापन, पूछताछ एवं डाटा विश्लेषण से मोहम्मद सिराजुद्दीन द्वारा इंटरनेट का प्रयोग कर मुस्लिम युवकों, युवतियों को भारत सरकार द्वारा प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया की विचारधारा में शामिल कर उन्हें आईएसआईएस में भर्ती करने की आपराधिक दुष्प्रेरण का खुलासा हुआ है। सिराजुद्दीन ने आईएसआईएस की ऑनलाईन मासिक पत्रिका ‘‘दाबिक’’ के कई अंक भी प्राप्त किए।
डॉ त्रिपाठी ने बताया कि मोहम्मद सिराजुद्दीन के इस्लामिक स्टेट के अन्य भारतीय एवं विदेशी सदस्यों से सम्पर्कों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है। डॉ त्रिपाठी ने बताया कि एटीएस ने पुलिस थाना एसओजी, राजस्थान, जयपुर में विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1967 के अंतर्गत अभियोग दर्ज कराया है। मुल्जिम को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है।
Latest India News