नई दिल्ली: भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने एक ऐसा फैसला लिया है, जो शायद आपको परेशान भी कर सकता है। दरअसल, रेलवे ने ट्रेन में रात के वक्त चार्जिंग प्वाइंट के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। इसका मतलब है कि यात्री अब रात के समय ट्रेन में चार्जिंग प्वाइंट का उपयोग नहीं कर पाएंगे। रेलवे ने यह फैसला ट्रेन में आग लगने की घटनाओं को देखते हुए लिया है।
हाल ही में 13 मार्च को दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस में भी आग लगी थी, यह आग एक कोच में लगी और फिर सात अन्य डिब्बों में फैल गई थी। इस घटना के बाद ही यह निर्णय लिया गया है। सिर्फ इतना ही नहीं, रेलवे ने धूम्रपान करने वालों पर भी नकेल कसने के लिए बड़ा फैसला लिया है। ऐसे लोगों के लिए सजा में वृद्धि का प्रस्ताव लाने की योजना बनाई जा रही है।
गौरतलब है कि रेल अधिनियम की धारा 167 के तहत रेलगाड़ियों के अंदर धूम्रपान करने वाले लोगों को दंडित किया जाता है। अभी धूम्रपान करते हुए पकड़े जाने पर यात्रियों को 100 रुपये तक का जुर्माना देना पड़ता है। अब रेलवे सजा में वृद्धि का प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। इसका उद्देश्य ट्रेन में धूम्रपान को रोकना है और ऐसे लोगों को दंडित करना है, जो नियमों का उल्लंघन करते हैं।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने कहा कि रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों के अंदर चार्जिंग पॉइंट बंद रखने का निर्णय लिया है। रात में चार्ज होने वाले मोबाइल फोन और लैपटॉप से ओवरहीटिंग के कारण लंबी दूरी की रेलगाड़ियों में आग लगने की कई घटनाएं हुईं हैं। निर्देश अन्य रेलवे जोन में भी लागू किया जा रहा है।
वहीं, दक्षिणी रेलवे के सीपीआरओ बी गुग्नेसन ने कहा कि 'दक्षिण रेलवे के सभी डिवीजनों ने रात में चार्जिंग पॉइंट ऑफ करने की प्रक्रिया को दोहराया गया है।' ऐसे में अगर आप रात को ट्रेन में यात्रा कर रहे हैं और आपको फोन या लैपटॉप, जिससे आपको कोई काम या एंटरटेनमेंट करना है, वह चार्ज नहीं है, तो आपको परेशानी हो सकती है।
Latest India News