1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गणतंत्र दिवस परेड के दौरान दिल्ली में नहीं चलेंगी कुछ ट्रेनें

गणतंत्र दिवस परेड के दौरान दिल्ली में नहीं चलेंगी कुछ ट्रेनें

उत्तर रेलवे की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड की वजह से तिलक ब्रिज पर रेल यातायात सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक लगभग डेढ़ घंटे के लिए बंद रहेगा।"

indian railways- India TV Hindi
indian railways

नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस परेड के मद्देनजर मंगलवार को दिल्ली आने वाली और यहां से जाने वाली कुछ रेलगाड़ियों का परिचालन थोड़ी देर के लिए बंद रहेगा। उत्तर रेलवे की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड की वजह से तिलक ब्रिज पर रेल यातायात सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक लगभग डेढ़ घंटे के लिए बंद रहेगा।"

रेलवे के मुताबिक, झेलम एक्सप्रेस, जन शताब्दी एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस, दुरंतो एक्सप्रेस और कुछ अन्य रेलगाड़ियों के परिचालन पर परेड जारी जारी रहने तक नियंत्रण रहेगा।

बिहार में अलर्ट, गांधी मैदान में सुरक्षा कड़ी
 
गणतंत्र दिवस के तहत पूरे बिहार में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है तथा पुलिस को भी हाई अलर्ट कर दिया गया है। पटना के गांधी मैदान में मंगलवार को गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा और इसके तहत वहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि गांधी मैदान को चार क्षेत्रों में बांट दिया गया है और सभी क्षेत्रों की जिम्मेदारी अलग-अलग अधिकारियों को दी गई है।

गणतंत्र दिवस के दिन गांधी मैदान में आयोजित समारोह में राज्यपाल रामनाथ कोविंद सुबह नौ बजे तिरंगा फहराएंगे। इस अवसर पर 13 विभागों की झांकियां भी निकाली जाएंगी।

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने कहा, "गांधी मैदान के सभी मुख्य द्वारों पर 'क्लोज सर्किट' कैमरे लगाए गए हैं। मैदान की सुरक्षा को लेकर समारोह स्थल तथा इसके आसपास के इलाकों में 80 दंडाधिकारियों और 150 पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।"

पटना उच्च न्यायालय और सचिवालय समेत प्रमुख और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा शुक्रवार से और अधिक कड़ी कर दी गई है। गांधी मैदान के आसपास पुलिस गश्त तेज करने का निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बिहार-नेपाल सीमा पर सुरक्षाकर्मियों को अलर्ट कर दिया गया है।

Latest India News