नई दिल्ली: संकटग्रस्त दक्षिण सूडान से 156 भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जा चुका है। वतन वापसी से पहले भारतीयों ने जमकर भारत माता की जय के नारे भी लगाए थे। भारतीय वायुसेना का विशेष विमान शुक्रवार सुबह पालम हवाईअड्डे पर 71 भारतीयों को लेकर वतन लौटा। इससे पहले, 85 भारतीयों को लेकर विमान तिरुवनंतपुरम हवाईअड्डे पर उतरा। दक्षिण सूडान से सुरक्षित निकाले गए लोगों में से दो नेपाली नागरिक, सात महिलाएं और तीन बच्चे भी शामिल हैं।
भारतीय वायुसेना का सी17 ग्लोबमास्टर विमान सुबह लगभग 10.45 बजे पालम हवाईअड्डे पर उतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरक्षित वतन लौटे भारतीयों का स्वागत किया है और रक्षा मंत्री मनोहर पार्रिकर, वायुसेना और रेल मंत्रालय को उनके द्वारा किए गए प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने साथ ही विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और विदेश राज्यमंत्री वी.के. सिंह को भी बधाई दी। भारतीय रेल के आईआरसीटीसी ने वतन लौटने वालों को अपने प्रदेश यानी महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, केरल, दिल्ली, चंडीगढ़, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और आंध्र प्रदेश जाने की व्यवस्था की है। विदेश राज्यमंत्री वी.के. सिंह की अगुवाई में ऑपरेशन संकटमोचन शुरू किया है, जिसके तहत संकटग्रस्त दक्षिण सूडान में फंसे भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लाया जाना है।
सिंह ने पालम हवाईअड्डे पर उतरने के बाद संवाददाताओं को बताया, "हम 156 भारतीय नागरिकों को वापस लाए हैं, जिसमें से 85 भारतीय तिरुवनंतपुरम में उतरे। मैंने दक्षिण सूडान के विदेश मंत्री (बर्नाबा मरियल बेंजामिन) और दक्षिण सूडान के उपराष्ट्रपति (रीक मचार) से मुलाकात की। उन्होंने मुझे हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।"
Latest India News