1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दुष्कर्म में हुआ नाकाम, तो टुकड़ों में काट दिया शव

दुष्कर्म में हुआ नाकाम, तो टुकड़ों में काट दिया शव

दुष्कर्म में नाकाम होने के बाद यहां विवाहिता की बेरहमी से हत्या करके उसके शव के टुकड़े करने के आरोप में पुलिस ने बुधवार को एक बुटीक संचालक के 31 वर्षीय पति को धर दबोचा।

rape- India TV Hindi
rape

इंदौर: दुष्कर्म में नाकाम होने के बाद यहां विवाहिता की बेरहमी से हत्या करके उसके शव के टुकड़े करने के आरोप में पुलिस ने बुधवार को एक बुटीक संचालक के 31 वर्षीय पति को धर दबोचा। यह मामला लंबे वक्त से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।

उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) संतोष कुमार सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि पुलिस की विस्तृत जांच के बाद पकड़े गए आरोपी की पहचान महेश बैरागी (31) के रूप में हुई है। उसकी पत्नी मित्रबंधु नगर में एक बुटीक चलाती है। उन्होंने बताया कि कविता रैना (30) ने बैरागी की पत्नी के बुटीक पर सूट सिलने दिया था। विवाहिता जब 24 अगस्त को बुटीक पहुंची, तो बैरागी यह कहकर उसे अपने साथ एक फ्लैट में ले गया कि उसका सिला सूट वहीं रखा है।

सिंह ने कहा कि कविता पर लंबे समय से बैरागी की गंदी नजर थी और वह साजिश के तहत उसे अपने फ्लैट में ले गया था। उसका इरादा विवाहिता के साथ दुष्कर्म कर इसका वीडियो बनाने का था। वह इस वीडियो के बूते महिला को ब्लैकमेल करना चाहता था। उन्होंने बताया कि दुष्कर्म की कोशिश के दौरान जब कविता ने विरोध किया, तो बैरागी ने लोहे के पाइप से उसके सिर पर दो-तीन वार किए।

विवाहिता के अचेत होने पर उसने चाकू से उसके शरीर के छह टुकड़े कर दिए। उसने इन टुकड़ों को बोरे में भरा और इस बोरे को एक पुल के नीचे फेंक दिया। हत्याकांड के तीन दिन बाद 27 अगस्त को पुलिस को कविता के अवशेष मिले थे। डीआईजी ने कहा कि बैरागी का पुराना रिकॉर्ड देखकर लगता है कि वह सेक्स को लेकर मनोविकृति का शिकार है। वह अश्लील फिल्म बनाने के मामले में पहले भी पकड़ा जा चुका है।

उन्होंने बताया कि बैरागी की मौसी की लड़की रेखा वर्ष 2009 में उसके घर रहने आई थी और रहस्यमय तरीके से गायब हो गई थी। इस लड़की का आज तक कोई पता नहीं चल सका है। बैरागी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस नए सिरे से इस लड़की के गायब होने के मामले की जांच करेगी।

Latest India News