1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. इन्दौर: पानी के लिए सड़कों पर उतरे लोग, चक्काजाम, पुलिस ने भांजी लाठियां

इन्दौर: पानी के लिए सड़कों पर उतरे लोग, चक्काजाम, पुलिस ने भांजी लाठियां

शहर में पानी की समस्या को लेकर आज कई कॉलोनी के लोग सड़कों पर उतर आए और शहर के भीतर से गुज़र रहे राष्ट्रीय राजमार्ग आगरा-मुम्बई पर यातायात ठप्प कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क बंद रही।

water crisis- demo pic- India TV Hindi
water crisis- demo pic

इन्दौर: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में पानी की समस्या को लेकर आज कई कॉलोनी के लोग सड़कों पर उतर आए और शहर के भीतर से गुज़र रहे राष्ट्रीय राजमार्ग आगरा-मुम्बई पर यातायात ठप्प कर दिया गया। करीब एक घंटे तक सड़क बंद रही। इस बीच आक्रोशित लोगों ने BRTS से गुज़र रही एक बस और पानी के टैंकर में तोड़फोड़ कर दी। वहीं राजमार्ग खुलवाने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा।

नहीं हो रही है पानी की पर्याप्त सप्लाई-
भीषण गर्मी के चलते शहर को पानी की सप्लाई करने वाले स्रोत सूखने लगे है। जिसकी वजह से कई कॉलोनियों में पानी का प्रदाय नगर निगम नहीं कर पा रहा है। वहीं टैंकरों से भी पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। पिछले कई दिनों से परेशान एम आर-9 चौराहे के आसपास लगी कॉलोनियों बर्फानीधाम, मालवीय नगर, कृष्णबाग, सुन्दर नगर सहित कई इलाके की महिलाएं, पुरुष और बच्चे सैकड़ों की तादाद में सड़क पर उतर आये और उन्होनें चक्काजाम कर दिया।

चक्काजाम होने से सड़क पर लगी वाहनों की लंबी कतार-
चक्काजाम होने से एबी रोड पर वाहनों की करीब एक किलोमीटर लम्बी लाईन लग गई। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर चक्काजाम खत्म कराने का प्रयास करते रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि निगम के अधिकारियों के आने पर ही आन्दोलन खत्म किया जाएगा। काफी समझाने के बाद भी जब आन्दोलनकारी नहीं माने तो पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। लाठीचार्ज होते ही भगदड़ मच गई।

लाठीचार्ज से गुस्साई भीड़ ने वाहनों पर उतारा गुस्सा-
लाठीचार्ज से मची भगदड़ में भीड़ ने बीआरटीएस की एक बस पर हमला कर तोड़फोड़ कर दी और उधर से गुजर रहे एक पानी के टैंकर पर भी अपना गुस्सा उतरा। आन्दोलनकारियों का कहना था कि उनके इलाके में निगम पानी की सप्लाई तो कर नहीं रहा है और बिल हजारों के भेज रहा है। इतना ही नहीं टैंकरों से भी पानी की सप्लाई नहीं की जा रही है। कई बार इसकी शिकायत सम्बन्धित अधिकारियों और महापौर को कर चुके है।

CCTV फुटेज खंगाल प्रदर्शनकारियों पर होगी कार्रवाई-
पुलिस बीआरटीएस में लगे कैमरें से फूटेज निकाल कर आन्दोलन करने वालों की पहचान कर मुकदमा दर्ज कर रही है।

Latest India News