नई दिल्ली: शीना बोरा मर्डर केस की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी को होश आ गया है। अब वो खतरे से बाहर बताई जा रही हैं। इंद्राणी ने शुक्रवार को अवसाद को कम करने के लिए दवाइयों का ओवर डोज ले लिया था जिसकी वजह से उन्हें गंभीर हालात में जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
क्या कहा डॉक्टरों ने-
डॉक्टरों का कहना है कि इंद्राणी को होश आ चुका है लेकिन वो फिलहाल नींद में हैं और उन्हें पूरी तरह होश आने में थोड़ा वक्त लग सकता है। जेजे अस्पताल के डीन डॉक्टर टी पी लहाणे ने बताया, “इंद्राणी मुखर्जी को होश आ गया है और वो फिलहाल खतरे से बाहर हैं।”
कौन सी दवा का सेवन किया था-
डॉक्टरों के मुताबिक इंद्राणी ने बेंजोंडाइजेपाइन दवा का अत्याधिक सेवन कर लिया था। उन्होंने बताया कि आम तौर पर जब कोई इस दवा का सेवन करता है तो उसके यूरीन में बेंजोंडाइजेपाइन का स्तर 200 के आसपास रहता है लेकिन इंद्राणी के यूरीन में इसका स्तर 2088 था। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्होंने इस दवा का कितना हैवी डोज लिया होगा।
क्यों आई विवाद में-
इंद्राणी मुखर्जी अपनी बेटी शीना बोरा के मर्डर केस में मुख्य आरोपी हैं। काफी दिनों तक बचने के बाद इंद्राणी ने खुद यह कबूल कर लिया था कि उन्होंने ही शीना की हत्या की थी। इंद्राणी को शीना की हत्या के जुर्म में जेल भेज दिया गया था। शीना बोरा मर्डर केस खुलने के बाद इंद्राणी के 5 पतियों के कनेक्शन ने मुखर्जी की पूरी कहानी को बेपर्दा कर दिया था।
Latest India News