नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव पर धमकी देने का आरोप लगाने वाले IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर को सस्पेंड कर दिया गया है।
यूपी सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, अखिलेश सरकार ने ठाकुर को सर्विस कंडक्ट रूल्स तोड़ने के आरोप में सस्पेंड किया गया है। सर्विस कंडक्ट रुल्स के अनुसार इसे अनुशासनहीनता बताकर उनके ऊपर यह कार्रवाई की गई है।
इस मामले में अमिताभ ठाकुर ने कहा कि, उन्हें ये जानकारी मीडिया से ही मिली है। साथ ही उन्होंने कहा कि, 'मैं संबंधित अदालत में मामला उठाउंगा।'
अमिताभ ठाकुर ने पिछले हफ्ते सपा सुप्रीमो का कथित धमकी वाला एक ऑडियो टेप जारी किया था, जिसके एक दिन बाद ही ठाकुर के खिलाफ एक पुराने मामले में रेप का केस दर्ज किया गया था।
इसके बाद सोमवार को उन्होंने दिल्ली आकर केंद्रीय गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव अनंत कुमार सिंह से मुलाकात की। उन्होंने खुद और अपनी पत्नी एवं सामाजिक कार्यकर्ता नूतन ठाकुर के लिए केंद्रीय बलों की सुरक्षा मांगी।
उन्होंने नार्थ ब्लाक के बाहर संवाददाताओं से कहा, 'मुलायम सिंह यादव ने मुझे नतीजा भुगत लेने की धमकी दी है इसलिए मैं आज अतिरिक्त सचिव से मिला और खुद के लिए एवं अपनी पत्नी के लिए केंद्रीय बलों की सुरक्षा मांगी।'
Latest India News