नई दिल्ली: रेलवे ने ट्रेनों में खानपान की सेवाओं के प्रबंधन को अपने अंतर्गत लाने की कोशिश के तहत IRCTC को 23 और ट्रेनों की खानपान की जिम्मेदारी दी है। इसी के साथ IRCTC द्वारा जिन ट्रेनों में खानपान सेवाएं संभाली जाती हैं, उनकी संख्या बढ़कर 115 हो गयी है। IRCTC पहले से ही 65 एक्सप्रेस ट्रेनों, छह राजधानी ट्रेनों, 13 दुरंतों ट्रेनों, छह शताब्दी ट्रेनों और दो सुविधा ट्रेनों में खानपान सेवाएं प्रदान करता है।
IRCTC के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक एके मनोचा ने कहा, जब हम और जिम्मेदारियां लेते हैं तो हमें उस विश्वास पर गर्व है जो रेलवे को IRCTC द्वारा प्रदत्त खानपान की गुणवत्ता एवं कुशलता पर है। हमारा लक्ष्य यात्रियों के वास्ते सेवाओं में सुधार निरंतर जारी रखना होगा।
फिलहाल करीब 92 ट्रेनें IRCTC की जिम्मेदारी से बाहर हैं। आईआरसीटीसी के अनुसार उनमें 29 ट्रेनों में विभाग द्वारा तथा 63 में लाइसेंसधारियों द्वारा सेवाएं प्रदान की जाती हैं। जो नयी ट्रेनें शामिल की गयी हैं, उनमें पुरूषोत्तम एक्सप्रेस, पटना रांची जन शताब्दी, कालका मेल, ब्रह्मपुत्र मेल, लिच्छवी एक्सप्रेस, बेंगलूर सिटी-निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस और बेंगलूर सिटी-चेन्नई शताब्दी आदि शामिल हैं।
Latest India News