नई दिल्ली: दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार के एक विधायक के घर पर छापेमारी हुई है। बुधवारा सुबह छतरपुर से विधायक करतार सिंह तंवर के घर-दफ्तर और फार्म हाउस पर आयकर विभाग ने छापेमारी की है।
जानकारी के मुताबिक, इनकम टैक्स के अधिकारी सुबह 8:30 बजे विधायक के आवास पहुंचे। दिल्ली में 11 जगहों पर आयकर विभाग सर्च ऑपरेशन कर रही है, जिसमें 100 से अधिक अधिकारी जुटे हुए हैं। विधायक से आयकर अधिकारी उनके आवास पर पूछताछ कर रहे हैं। करतार सिंह तंवर की 20 कंपनियां हैं, जो जांच के दायरे में हैं।
करतार सिंह तंवर पहले बीजेपी की तरफ से पार्षद थे। विधानसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी का दामन छोड़कर आप का हाथ थाम लिया और छतरपुर से विधायक चुने गए थे।
आपको बता दें हाल ही में आम आदमी पार्टी के 10 विधायकों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के आरोप हैं कि मोदी सरकार उनके पार्टी विधायकों के पीछे पड़ी है।
आप का आरोप है कि जानबूझ कर परेशान करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही एक ही दिन में आम आदमी पार्टी के दो विधायक गिरफ्तार हुए थे। नरेश यादव को पंजाब पुलिस ने धार्मिक पुस्तक के अपमान के मामले में गिरफ्तार किया तो दिल्ली में महिला से बदसलूकी के आरोप में केजरीवाल के एक और विधायक गिरफ्तार कर लिए गए।
आज हुई छापेमारी पर भी आम आदमी पार्टी ने मोदी सरकार पर ही निशाना साधा है। आप प्रवक्ता दिलीप पांडे ने कहा कि मोदी जी ने सीबीआई, एसीबी और दिल्ली पुलिस के बाद आप से लड़ने के लिए आयकर विभाग को हथियार बनाया है। दिलीप पांडे ने कहा कि इससे न तो पार्टी झुकेगी और न ही डरेगी।
Latest India News