नई दिल्ला: पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने पठानकोट में भारतीय वायु सेना स्टेशन पर हुए हमले का जश्न मनाया और कश्मीरी मुसलमानों को लेकर जहर उगला। जैश-ए-मोहम्मद ने अपनी एक वेबसाइट बनतेआयशा डॉट कॉम पर इस जश्न का ऐलान किया। इस पर मोस्ट वांटेड आतंकी मौलाना मसूद अजहर की आवाज में कुछ ऑडियो क्लिप भी हैं। साथ ही उर्दू में लिखा लेख भी अपलोड किया है। इस संदेश में अजहर ने पठानकोट हमले और जैश आतंकियों की बात की है।
आतंकियों की संख्या को लेकर भारत में पैदा हुई असमंजस की स्थिति की ओर इशारा करते हुए अजहर ने कहा कि वे इस मामले को लेकर लगातार अपने बयान बदलते रहे। उसने कहा- 'एक बड़ा देश आज रो रहा है।' वह खुशी जता रहा है कि भारतीय खुफिया एजेंसियां और अफसर हमले के 48 घंटे बाद भी यह पता नहीं लगा पा रहे हैं कि आतंकी कहां से आए थे। पिछले दो महीनों में यह भारत के खिलाफ जारी किया गया अजहर का दूसरा ऑडियो मैसेज था। जैश प्रमुख मसूद ने पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में रहने में भरोसा जताया और कहा कि वहां से वो भारत में आतंक फैलाता है।
मसूद ही है हैंडलर
भारतीय खुफिया एजेंसियों ने पठानकोट हमले के पीछे के ‘आकाओं’ के रूप में आईसी 814 विमान अपहरण मामले के साजिशकर्ता और पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद प्रमुख मौलाना मसूद अजहर और उनके भाई अब्दुल रउफ असगर सहित चार लोगों की पहचान की।
हैंडलर का फोन नंबर भी आया सामने
पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले के दौरान जिन आतंकियों ने पाकिस्तान के जिन नंबरों पर बात की थी, उनका खुलासा हो गया है। एक नंबर आतंकी की मां का है और दूसरा नंबर आतंकियों के हैंडलर का है जिससे आतंकी 'उस्ताद' कहकर बात कर रहे थे। ये दोनों नंबर हैं- 92-3017775253 और 92 300097212--बताया जा रहा है कि पहला नंबर आतंकी की मां का है और दूसरा नंबर उसके उस्ताद का।
92-3017775253 पर 31 दिसंबर की रात 9.12 मिनट पर कॉल की गई। इस कॉल में आतंकियों का हैंडलर इस बात पर नाराज हो रहा था कि उन्होंने एयरबेस में घुसने मे इतनी देर क्यों लगा दी। बताया जाता है कि ये कॉल उस इनोवा कार के ड्राइवर एकाग्र सिंह के फोन से की गई जिसे आतंकियों ने अगवा करके मार डाला था। जानकारी ये मिली है कि पहले आतंकियों ने ड्राइवर के फोन से एक आउटगोइंग कॉल की इसके बाद 92-3017775253 नंबर से चार कॉल आई।
Latest India News