नई दिल्ली: वित्तमंत्री अरूण जेटली सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और कुछ अन्य आप नेताओं के खिलाफ दीवानी एवं आपराधिक मानहानि के मामले दर्ज कराएंगे। आप के अन्य नेताओं में कुमार विश्वास, आशुतोष, संजय सिंह, राघव चड्ढा, दीपक वाजपेयी के नाम शामिल हैं। गौरतलब है कि आप के कुछ नेताओं ने वित्त मंत्री अरुण जेटली पर आरोप लगाए थे कि अरुण जेटली जिस वक्त डीडीसीए के अध्यक्ष थे उस वक्त वित्तीय अनियमितताएं की गई थीं।
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बताया कि उन्होंने अपनी लीगल टीम से कहा है कि वो केजरीवाल समेत उन सभी लोगों के खिलाफ लीगल केस करें जिन्होंने झूठे और मानहानि करने वाले बयान दिए हैं। जेटली ने बताया कि उन्होंने अपनी लीगल टीम दिल्ली हाईकोर्ट में आपराधिक मानहानि का केस दर्ज करने को कहा है।
जेटली के समर्थन में उतरे सहवाग-
DDCA मामले में पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर अरुण जेटली के समर्थन में सामने आए हैं। वीरेंद्र सहवाग ने अरूण जेटली के बचाव में एक के बाद एक तीन ट्वीट करते हुए कहा कि, DDCA में दूसरे पदाधिकारियों से बात करना मुश्किल है लेकिन अरुण जेटली चौबीसो घंटे खिलाड़ियों के समस्या सुनने को तैयार रहते थे। उन्होंने लिखा कि, "DDCA में दूसरे पदाधिकारियों से बात करना बहुत मुश्किल होता था, लेकिन खिलाड़ियों की समस्याओं को सुनने के लिए अरुण जेटली हमेशा तैयार रहते थे। उनके मुताबिक अरुण जेटली खिलाड़ियों की समस्याएं सुनते ही फौरन उसे ठीक करते थे। पूरे मामले पर गौतम गंभीर ने कहा कि, DDCA में गड़बड़ियों को लेकर कुछ पूर्व खिलाड़ी जिस तरह अरुण जेटली पर आरोप लगा रहे हैं वो काफी दुखद है।
Latest India News