जम्मू: जम्मू-कश्मीर में राज्यपाल शासन लागू होने के बावजूद अपने आधिकारिक आवास को खाली नहीं करने वाले पूर्ववर्ती भाजपा-पीडीपी सरकार के पूर्व मंत्रियों को सरकारी बंगले खाली करने का नोटिस दिया गया है। जम्मू संपत्ति विभाग के उप निदेशक सतीश कुमार शर्मा ने बताया, ‘हमने 13 पूर्व मंत्रियों को सरकारी बंगलों को खाली करने के लिए नोटिस जारी किया है। इनमें छह मंत्री भाजपा से, छह पीडीपी से और एक पीपुल्स कांफ्रेंस से संबंद्ध हैं।’
पूर्व उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह को जारी नोटिस में लिखा है कि उन्हें यह बंगला मंत्री की हैसियत से उपलब्ध कराया गया था लेकिन राज्य में नौ जनवरी 2016 को राज्यपाल शासन लागू होने के बाद आप मंत्री नहीं रह गए हैं। इसमें आगे कहा गया है कि संपत्ति विभाग के नियमानुसार किसी भी व्यक्ति को मंत्रियों के बंगली सहित सरकारी आवास को कार्यकाल के खत्म होने के एक महीने बाद खाली करना होता है और आपका यह समय लगभग एक पखवाड़े पहले खत्म हो गया है।
नोटिस में आगे कहा गया है कि इसलिए आपसे विनम्र निवेदन है कि जो बंगला एक मंत्री के तौर पर आपको मुहैया कराया गया था उसे सात दिन के भीतर संपत्ति विभाग को लौटा दें। राज्य के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की दिल्ली में मृत्यु के बाद नौ जनवरी को राज्य में राज्यपाल शासन लागू कर दिया गया था।
Latest India News