जम्मू: जम्मू में दिमागी रूप से अस्थिर एक व्यक्ति ने एक मंदिर में तोड़फोड़ की, जिसके विरोध में प्रदर्शन कर रही भीड़ ने पुलिस चौकी पर हमला किया और कुछ वाहनों में आग लगा दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति शाम में जानीपुर स्थित आप शंभू मंदिर में कथित रूप से घुसा और उसने कुछ चीजों और खिड़की के शीशों को तोड़ दिया।
विरोध प्रदर्शन में गुस्साए लोगों ने करीब आधा दर्जन गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया, पत्थरबाजी से इलाके में काफी टोड़-फोड़ की। एहतियात के तौर पर जम्मू में मोबाइल और इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद बड़ी तादाद में लोग सड़कों पर उतर आए। पुलिस को हालात काबू करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आंसू गैस के गोले छोड़े और कई लोगों को हिरासत में भी लिया लेकिन इन सबके बीच लोगों का उत्पात जारी रहा। लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपी को पकड़ने की मांग की।
जम्मू उपायुक्त सिमरनदीप सिंह ने बताया कि इलाके में प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया और तीन वाहनों में आग लगा दी। बहरहाल, व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Latest India News