लखनऊ: देशभर में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जा रही है। उत्तर प्रदेश में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम है। राज्य के मंदिरों में तरह-तरह की झांकिया सजाई गई हैं, चारों तरफ खुशी और हर्षोउल्लास है। राज्य की राजधानी लखनऊ, इलाहाबाद, वाराणसी, फैजाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा समेत उप्र के विभिन्न शहरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर लोगों में उत्साह है। भगवान कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में इस समय उत्सव पर खास इंतजाम किए गए हैं। मथुरा में दुनियाभर के भक्तों का जमावड़ा लगा है। मथुरा समेत पूरे ब्रज क्षेत्र में शुक्रवार से ही महोत्सव का माहौल है। देश-विदेश के भक्त वहां जुट गए हैं। मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है। वहीं भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिहाज से पुलिस एवं पीएसी के जवान चप्पे-चप्पे पर नजर रखे हुए हैं। इसके अलावा खुफिया एजेंसियां भी हर गतिविधि पर अपनी नजर बनाए हुए हैं। शहर में होटल, अतिथि गृह और धर्मशालाओं में पुलिस एवं खुफिया एजेंसियों के अधिकारी निगरानी रखे हुए हैं। देश के विभिन्न प्रांतों से आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिहाज से कान्हा की नगरी में पहरा कड़ा कर दिया है।
पुलिस थानों और जेलों में इस उत्सव को मनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। अंतर्राष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) के मंदिरों में तो श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर उल्लास का माहौल है। इन मंदिरों में इस अवसर पर कई दिन तक कार्यक्रम चलते हैं।
डीजी (सुरक्षा) गोपाल गुप्ता ने बताया कि हर खतरे से निपटने के लिए हमारे पास पर्याप्त साधन मौजूद हैं। सुरक्षा के लिए यहां पर चार हजार जवान तैनात कर दिए गए हैं। इनमें अर्धसैनिक बल सीआरपीएफ, आरएएफ और पीएसी के जवान शामिल हैं।
मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि जन्मस्थान की आंतरिक सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के 500 जवान, पीएसी के 250 जवान और पुलिस के भी 250 जवान मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया, "बाहरी सुरक्षा और शहर के लिए तीन एएसपी, 16 सीओ, 250 दरोगा, एक हजार सिपाही, 50 महिला दरोगा, 250 महिला सिपाही, दो टीआई, सात टीएसआई, गुप्तचर शाखा के 70 सदस्य, पांच बम निरोधक दस्ते, फायर ब्रिगेड, 12 कंपनी पीएसी सहित सुरक्षा से जुड़े अन्य लोगों की तैनाती की गई है। इसके अलावा वॉच टावर से लगातार निगरानी हो रही है।
Latest India News