1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नेताजी से जुड़ी 2 महत्वपूर्ण फाइलों को इस साल सार्वजनिक करेगा जापान

नेताजी से जुड़ी 2 महत्वपूर्ण फाइलों को इस साल सार्वजनिक करेगा जापान

किरेन रिजीजू ने लोकसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों के सवालों के जवाब में यह जानकारी देते हुए बताया कि जापान के पास मौजूद ये 5 फाइलें नेताजी के बारे में जानने के लिए महत्वपूर्ण हैं।

subhash chandra bose- India TV Hindi
subhash chandra bose

नई दिल्ली: नेताजी के संबंध में जापान द्वारा इस साल के अंत तक दो महत्वपूर्ण फाइलों को सार्वजनिक किया जाएगा जबकि बाकी ऐसी ही तीन अन्य फाइलों के बारे में जापान सरकार ने कोई आश्वासन नहीं दिया है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरेन रिजीजू ने लोकसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों के सवालों के जवाब में यह जानकारी देते हुए बताया कि जापान के पास मौजूद ये 5 फाइलें नेताजी के बारे में जानने के लिए महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने बताया, जापान ने हमें बताया है कि वह इस वर्ष के अंत तक पांच में से ऐसी दो फाइलों को सार्वजनिक करेगा लेकिन बाकी तीन फाइलों के बारे में उसने कोई प्रतिबद्धता नहीं जतायी है।

रिजीजू ने कहा, लेकिन हमें उम्मीद है कि वे बाकी तीन फाइलों को भी सार्वजनिक करेंगे। उन्होंने साथ ही यह जानकारी भी दी कि नेताजी से संबंधित दो फाइलें जो प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय के पास थीं उनका कुछ पता नहीं चल पाया है और उन्हें तलाशने के प्रयास जारी हैं।

गृह राज्य मंत्री ने बताया कि पीएमओ के पास जो फाइल थी उसके बारे में समझा जाता है कि वह उन अस्थियों को रेंकोजी मंदिर से भारत वापस लाने और लालकिले में रखे जाने के बारे में थीं जिनके बारे में समझा जाता है कि वे नेताजी की हैं। इसी प्रकार गृह मंत्रालय की फाइल भी नेताजी की अस्थियों के बारे में ही समझी जाती है। इन दोनों फाइलों को तलाशने के प्रयास जारी हैं।

रिजीजू ने बताया कि भारत ने उन सभी देशों से दस्तावेज हासिल करने के लिए संपर्क किया है जिनसे नेता जी का संबंध रहा था और उन्होंने भारत की अपील का जवाब दिया है।

Latest India News