नई दिल्ली: हरियाणा में जाट नेताओं द्वारा आरक्षण को लेकर ताजा आंदोलन शुरू करने के मद्देनजर आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में निषेधाज्ञा (कर्फ्यू) लगा दी गई। दिल्ली पुलिस ने बताया कि धारा 144 शहर के एक चौथाई से अधिक क्षेत्र में लगायी गई है। अधिकतर क्षेत्रों में जहां निषेधाज्ञा लगायी गई है वे या तो हरियाणा से लगे सीमावर्ती इलाके हैं या वहां जाट समुदाय के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं।
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ‘दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के सीमांत जिलों एवं शहर के अन्य हिस्सों में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 लगायी है जहां जाट आरक्षण मांग के सिलसिले में प्रदर्शन होने की आशंका है।’
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि निषेधाज्ञा 18 पुलिस उप मंडलों में लगायी गयी है जिनमें दक्षिण पश्चिम दिल्ली का द्वारका और नजफगढ़, बाहरी दिल्ली का अलीपुर और बवाना, दक्षिण दिल्ली का महरौली और वसंत विहार उप मंडल, दक्षिणपूर्वी दिल्ली का सरिता विहार और अंबेडकर नगर उप मंडल, उत्तर पूर्वी दिल्ली में सीमापुरी और खजुरी खास, पूर्वी दिल्ली में मधु विहार और कल्याणपुरी उप मंडल, पूरे उत्तरी दिल्ली और उत्तर पश्चिमी दिल्ली का मुखर्जी नगर शामिल है।
इन पांच उप मंडलों में 54 से अधिक पुलिस थाने आते हैं। इसमें शहर का एक चौथाई से अधिक क्षेत्र आता है। जाट आंदोलन के पहले चरण के दौरान मुखर्जी नगर और नजफगढ क्षेत्रों में हिंसा हुई थी। अधिकारी ने कहा, कानून और व्यवस्था बनाये रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किये गये हैं। फरवरी में जाट समुदाय के आंदोलनकारियों ने शहर में कई जगहों पर प्रदर्शन किया था जिससे शहर में यातायात व्यवस्था बाधित हुयी थी।
Latest India News