1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जाटों का अनशन 9वें दिन भी जारी, कोई अप्रिय घटना नहीं

जाटों का अनशन 9वें दिन भी जारी, कोई अप्रिय घटना नहीं

हरियाणा के जींद-नरवाना राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित खटकड़ गांव के खेतों में जाट आरक्षण संघर्ष समिति का धरना सोमवार को नौवें दिन सोमवार को भी जारी रहा।

jat reservation- India TV Hindi
jat reservation

जींद (हरियाणा): हरियाणा के जींद-नरवाना राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित खटकड़ गांव के खेतों में जाट आरक्षण संघर्ष समिति का धरना सोमवार को नौवें दिन सोमवार को भी जारी रहा। सोमवार से यहां जाटों ने अपनी मांग के समर्थन में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। धरने पर बैठे लोग ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने खटकड़ में कई दिन से चल रहे अपने धरने और आंदोलन को नई धार देने के लिए सोमवार से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। सोमवार को क्रमिक अनशन पर बैठने वालों में रिटायर्ड एस.एम.ओ. डा. किताब सिंह श्योकंद, आजाद दरियावाला, जयनारायण खोखरी, रणधीर चहल और नफे सिंह मोर शामिल थे। पांचों को जाट आरक्षण संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने क्रमिक अनशन पर बैठाया।

इस मौके पर प्रधान कैप्टन भूपेंद्र सिंह, कैप्टन रणधीर चहल, वीरभान ढुल आदि ने कहा कि जाटों का आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। आंदोलन को गांधीवादी तरीके से चलाने के लिए क्रमिक अनशन शुरू किया गया है। मंगलवार को पांच दूसरे लोग क्रमिक अनशन पर बैठेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को आंदोलन समाप्त करवाना है तो जाट आरक्षण संघर्ष समिति की मांगों को पूरा करते हुए जाट आरक्षण आंदोलन के सिलसिले में दर्ज मामले वापस ले। गिरफ्तार लोगों की रिहाई करे। आंदोलन के दौरान मारे जाने वालों के परिजनों को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी का अपना वायदा पूरा करे। जब तक इन मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि जाट आरक्षण संघर्ष समिति प्रदेश में शांति और भाईचारा चाहती है। वह सरकार के साथ बातचीत के जरिए जाट आरक्षण और दूसरे मसलों का समाधान करने के पक्ष में है। सरकार ने 15 जून को आरक्षण संघर्ष समिति के लोगों को बातचीत के लिए बुलाया है। इसमें जाट आरक्षण संघर्ष समिति के पदाधिकारी सकारात्मक रवैये के साथ बात करने के लिए जाएंगे।

Latest India News