1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. JNU छात्रा ने बलात्कार का मामला दर्ज कराया

JNU छात्रा ने बलात्कार का मामला दर्ज कराया

पुलिस ने बताया कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की 28 साल की एक छात्रा ने एक आईसा कार्यकर्ता पर विश्वविद्यालय परिसर में एक छात्रावास के कमरे में दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए उस पर बलात्कार का मामला दर्ज कराया है।

Rape- India TV Hindi
Rape

नई दिल्ली: पुलिस ने बताया कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की 28 साल की एक छात्रा ने एक आईसा कार्यकर्ता पर विश्वविद्यालय परिसर में एक छात्रावास के कमरे में दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए उस पर बलात्कार का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने बताया कि महिला पीएचडी की छात्रा है और उसने जेएनयू के ही छात्र और आईसा कार्यकर्ता अनमोल रतन पर कल बलात्कार करने का आरोप लगाया है।

छात्रा द्वारा वसंत कुंज थाने में दर्ज कराई गयी शिकायत के अनुसार उसने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर पोस्ट डाली थी कि वह सैराट फिल्म देखना चाहती है और उसने पूछा था कि क्या किसी के पास इसकी सीडी है। शिकायत के अनुसार रतन ने उसे मैसेज भेजा कि उसके पास फिल्म है। उसके बाद वह छात्रा को फिल्म की सीडी देने के बहाने ब्रह्मपुत्र हॉस्टल ले गया, जहां वह रहता है।

छात्रा ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने उसे कोई नशीला पदार्थ पिलाया और कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने छात्रा को किसी को इस बारे में नहीं बताने की धमकी भी दी।

हालांकि छात्रा आज पुलिस के पास पहुंची और बलात्कार का मामला दर्ज कराया गया। आगे जांच जारी है। इस बारे में जब संपर्क किया गया तो आईसा ने कहा कि उसने आरोपों को गंभीरता से लिया है और रतन की सदस्यता समाप्त कर दी है।

Latest India News