मुंबई: शीना बोरा हत्याकांड के तीन प्रमुख आरोपियों की न्यायिक हिरासत शुक्रवार को यहां दंडाधिकारी ने तीन दिसंबर तक के लिए बढ़ा दी। साथ ही, हत्या के इस मामले को एक विशेष सीबीआई अदालत को सौंप दिया गया है, जो अगले महीने से मामले की सुनवाई करेगी।
जिन तीन आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ाई गई है, उनमें शीना की मां इंद्राणी मुखर्जी, उसके पूर्व पति संजीव खन्ना और पूर्व ड्राइवर श्यामवर राय शामिल हैं। सीबीआई ने गुरुवार को अतिरिक्त महानगर दंडाधिकारी आर.वी.अडोन की अदालत में इन तीनों के खिलाफ 1,000 पृष्ठों वाला आरोप-पत्र दाखिल किया था।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, आरोप-पत्र में कहा गया है कि शीना बोरा की हत्या उसकी मां इंद्राणी ने 2012 में की थी। उसके पूर्व पति खन्ना और पूर्व ड्राइवर राय ने अपराध में उसका साथ दिया था। आरोप-पत्र दाखिल होने के कुछ घंटे बाद सीबीआई ने गुरुवार शाम को इंद्राणी के पति पीटर मुखर्जी को गिरफ्तार कर लिया। वह अब मामले में चौथे आरोपी हैं।
पहले इस मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही थी लेकिन सितंबर के मध्य में महाराष्ट्र सरकार ने इसे सीबीआई को सौंप दिया था। जांचकर्ताओं का कहना है कि शीना बोरा (24) की हत्या 24 अप्रैल, 2012 को गला दबाकर की गई थी। उसके शव को रायगढ़ जिले के गागोड गांव के पास जंगल में ले जाया गया था। इसे पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई थी।
एक महीने बाद 23 मई को एक स्थानीय ग्रामीण ने झाड़ियों में अधजली लाश पाई थी। बाद में हुए फारेंसिक और अन्य परीक्षणों ने पुष्टि कर दी कि जंगल में मिले अवशेष शीना के ही थे।
Latest India News