लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी ने जाति विशेष के आपराधिक तत्वों को सत्तारूढ समाजवादी पार्टी के संरक्षण को कैराना में दहशत और पलायन का आरोप दोहराते हुए सारे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कैराना से बडी संख्या में हुए पलायन मामले में पार्टी जांच दल की रिपार्ट के साथ राज्यपाल राम नाईक से मुलाकात के बाद संवाददाताओं को बताया, ‘पार्टी ने राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपकर उन्हें कैराना की वस्तुस्थिति की जानकारी देते सारे मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।’
मौर्य के साथ मौजूद पार्टी जांच दल के संयोजक सुरेश खन्ना तथा इस प्रकरण को उठाने वाले कैराना के सांसद हुकुम सिंह ने घटनाओं के उल्लेख से कहा, कैराना में पलायन की स्थिति जैसी समझी जा रही, हालात उससे ज्यादा भयावह हैं और सच्चाई को सामने लाने के लिए सीबीआई जांच जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्यपाल ने इस संबंध में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से बात करने और उन्हें दिये गये ज्ञापन को राष्ट्रपति को भी प्रेषित करने का आश्वासन दिया है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अपराधियों को आपराधिक संरक्षण प्राप्त है और मुकीम काला और फुरकान जैसे अपराधी जेल के अंदर से भी रंगदारी वसूलने का काराबार चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी सत्तारूढ दल के दबाव में पीडितों को एडजस्ट करने की सलाह देता है और धार्मिक आस्था के आधार पर नागरिकों में भेदभाव करता है।
मामले को उठाने वाले पार्टी सांसद हुकुम सिंह ने कैराना से पलायन करने वालों की अपनी सूची को सही बताते हुए दोहराया कि मामला आपराधिक और खास जाति के अपराधियों को सत्तारूढ दल के संरक्षण का परिणाम है। कैराना से सात बार विधायक रह चुके सिंह ने कहा, कैराना में मुसलमान बडी संख्या में हैं, इसलिए कतिपय दल इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा नेताओं ने रंगदरी के लिए कुछ व्यापारियों की हत्याओं और दहशत के कारण वहां से पलायन कर गये परिवारों का जिक्र करते हुए उन्हें समुचित मुआवजा देकर पुन: बसाये जाने तथा पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराये जाने की भी मांग की है।
Latest India News