1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कन्हैया से तिहाड़ में मिले भाई-चाचा, मां ने कहा 'चिंता मत करो'

कन्हैया से तिहाड़ में मिले भाई-चाचा, मां ने कहा 'चिंता मत करो'

JNUSU अध्यक्ष कन्हैया कुमार के परिवार के सदस्यों ने उससे तिहाड़ जेल में मुलाकात की और उसतक उसकी मां का संदेश पहुंचाया। उसकी मां ने कहा है कि उसे न तो चिंतित होना चाहिए और न ही अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए कोई स्पष्टीकरण देना चाहिए।

kanhaiya kumar- India TV Hindi
kanhaiya kumar

नई दिल्ली: JNUSU अध्यक्ष कन्हैया कुमार के परिवार के सदस्यों ने उससे तिहाड़ जेल में मुलाकात की और उसतक उसकी मां का संदेश पहुंचाया। उसकी मां ने कहा है कि उसे न तो चिंतित होना चाहिए और न ही अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए कोई स्पष्टीकरण देना चाहिए। कन्हैया के बड़े भाई मणिकांत और उसके चाचा राजेंद्र सिंह ने उससे मुलाकात की एवं उसका हाल-चाल पूछा।

मणिकांत ने बताया कि उनकी मां मीना देवी पटियाला हाउस अदालत परिसर में कन्हैया पर हमले के बाद उसके बारे में चिंतित थीं और इस बात को सुनिश्चित करना चाहती थीं कि वह जेल के भीतर अच्छा कर रहा है।

मणिकांत ने बताया, मेरी मां पटियाला हाउस अदालत में हुई घटना के बाद चिंतित थीं लेकिन उन्होंने कन्हैया से कहा कि उसे इस बारे में चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि वह मानती हैं कि उसने कुछ भी गलत नहीं किया है और उसे कुछ भी स्पष्ट करने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने कहा, हमने भी उनसे कहा कि पूरे परिवार के साथ-साथ गांव ने उसका समर्थन किया है और मानता है कि उसने कुछ भी गलत नहीं किया है।

कन्हैया के भाई ने बताया कि उसने परिवार से कहा कि वो उसके बारे में चिंतित नहीं हों और जब उन्होंने उसका हाल-चाल जानना चाहा तो उसने उन्हें सांत्वना दी। कन्हैया के भाई ने कहा, कन्हैया मजबूत है और हमारे सांत्वना देने की बजाय उसने हमसे चिंता नहीं करने को कहा।

तिहाड़ के अधिकारियों ने बताया कि कन्हैया ने दोपहर में अपने भाई और चाचा से आधे घंटे तक मुलाकात की।

Latest India News