नई दिल्ली: देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किए गए जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार को सशर्त जमानत दिए जाने के बाद तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया है। कन्हैया की रिहाई के बाद विश्वविद्यालय के छात्रों में खुशी है। जानकारी के मुताबिक कन्हैया रिहाई के कुछ देर बाद छात्रों को संबोधित कर सकते हैं। कन्हैया की रिहाई से पहले जेल परिसर के बाहर काफी पुलिस मुस्तैद की गई थी। कन्हैया की रिहाई की खबर सुनकर उनकी मां ने भी कहा था कि उनका बेटा आतंकवादी नहीं हो सकता है। गौरतलब है कि कन्हैया को देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आपको बता दें कि 9 फरवरी को जेएनयू में राष्ट्रविरोधी नारेबाजी की गई थी।
मेरा बेटा आतंकवादी नहीं है: कन्हैया की मां
जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को राजद्रोह के मामले में जमानत मिलने पर प्रसन्न उसकी मां मीना देवी ने कहा कि मेरा बेटा आतंकवादी नहीं है और पूरी दुनिया शीघ्र ही यह जान जाएगी। मीना देवी ने कहा था, ‘मेरा बेटा आतंकवादी नहीं है और दुनिया शीघ्र ही यह जान जाएगी। मुझे उस पर विश्वास है, वह विरोधियों से संघर्ष करेगा जिन्होंने उसे फंसाया है। हर मां के लिए उसका बच्चा महान है, यदि उसने कोई गलती की है तो उसे दंडित कीजिए, लेकिन उसे आतंकवादी मत कहिए। वह आतंकवादी नहीं है और वह कभी आतंकवादी होगा भी नहीं।’ आपको बता दें कि कन्हैया की मां बिहार के बेगूसराय जिले में आंगनवाड़ी कर्मी हैं और हर माह 3500 रुपए कमाती हैं। उनके 65 वर्षीय पति पक्षाघात की वजह से सात सालों से बिस्तर पर पड़े हैं। कन्हैया के भाई प्रिंस ने कहा, पिछले कुछ दिन हमारे लिए बड़े तनावपूर्ण रहे हैं, लेकिन उसकी जमानत एक बड़ी राहत के रूप में सामने आई है। हम आशा करते हैं कि चीजें शीघ्र ही हल हो जाएंगी और वह पाक साफ होकर सामने आएगा।
कन्हैया को संसद हमले के मुजरिम अफजल गुरू को फांसी लटकाए जाने के विरूद्ध जेएनयू परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के सिलसिले में राजद्रोह के मामले में 12 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। इस कार्यक्रम में कथित रूप से राष्ट्र विरोधी नारे लगाए गए थे।
Latest India News