1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कश्मीर : घायल युवक ने दम तोड़ा, मृतकों की संख्या 76 हुई

कश्मीर : घायल युवक ने दम तोड़ा, मृतकों की संख्या 76 हुई

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में घायल एक युवक की मौत हो गई, जिसके साथ मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 76 हो गया है।

kashmir unrest
- India TV Hindi
kashmir unrest

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में घायल एक युवक की मौत हो गई, जिसके साथ मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 76 हो गया है। अनंतनाग जिले के सीर हमादन इलाके में सुरक्षाबलों के साथ झड़प में 21 वर्षीय नासिर अहमद घायल हो गया था, जिसकी बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

कश्मीर के सोपोर कस्बे के वादूरा इलाके में चार सितम्बर को सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में घायल 17 वर्षीय युवक मुसैब मजीद की श्रीनगर के एक अस्पताल में मौत हो गई। वह कुपवाड़ा जिले के सोनारवाड़ी गांव का निवासी था। इस घटना के बाद पूरे कुपवाड़ा जिले में मोबाइल फोन का संचालन कुछ दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। मजीद सोपोर के वदूरा इलाके में चार सितंबर को सुरक्षाबलों के साथ झड़प में घायल हो गया था।

श्रीनगर तथा कश्मीर घाटी के कुछ इलाकों में कर्फ्यू जैसे हालात के बावजूद घाटी के विभिन्न इलाकों में मंगलवार को झड़प के दौरान लगभग 50 लोग घायल हो गए, जिनमें सुरक्षाबल के जवान और नागरिक भी शामिल हैं। एक भीड़ ने श्रीनगर में सुरक्षाबलों के एक बंकर को बर्बाद कर दिया, हालांकि बंकर बेकार पड़ा था।

कश्मीर घाटी के कुछ इलाकों तथा पुराने श्रीनगर शहर में मंगलवार को 59वें दिन भी कर्फ्यू जैसे हालात जारी रखा गया है।अधिकारियों ने मंगलवार को श्रीनगर शहर के छह पुलिस थाने के इलाकों में कर्फ्यू जैसा प्रतिबंध लगा दिया है। इसमें नौहट्टा, खानयार, सफाकदल, एम.आर. गंज, रैनावारी और मैसुमा शामिल हैं। 

पुलिस का हालांकि, यह कहना है कि मंगलवार को घाटी में कहीं भी कर्फ्यू नहीं लगाया गया है। जिन स्थानों पर प्रतिबंध लगाया गया है, वहां सुरक्षा बलों द्वारा किसी प्रकार की आवाजाही की अनुमति नहीं दी जा रही थी।  इस बीच, अलगाववादी नेताओं ने विरोध प्रदर्शन की अवधि बढ़ाकर 16 सितंबर कर दिया है।

Latest India News