नई दिल्ली: हैदराबाद के शोधार्थी रोहित वेमुला की खुदकुशी के मामले में इंसाफ की मांग और जेएनयू संकट का विरोध करते हुए हजारों छात्र आज दिल्ली की सड़कों पर उतरे। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी इन छात्रों का समर्थन करने जंतर-मंतर पहुंचे।
इन छात्रों ने दिल्ली में अंबेडकर भवन से जंतर-मंतर तक मार्च किया। जंतर-मंतर पर पहले राहुल गांधी ने छात्रों को संबोधित किया और फिर केजरीवाल ने पहुंचकर उनको संबोधित किया। हैदराबाद विश्वविद्यालय और उस्मानिया विश्वविद्यालय के सैकड़ों छात्रों ने जय भीम जैसे अंबेडकरवादी नारे लगाए और वेमुला के लिए न्याय की मांग की। छात्रों ने वेमुला की खुदकुशी के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
दिल्ली स्थित जेएनयू, जामिया मिलिया इस्लामिया और अंबेडकर विश्वविद्यालय के छात्र भी इस मार्च में शामिल हुए। छात्रों ने जेएनयू में पुलिस कार्रवाई की निंदा की और विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की तत्काल रिहाई की मांग की। वेमुला की मां राधिका और भाई राजा ने भी इस मार्च में हिस्सा लिया।
अपने संबोधन में राहुल ने मोदी सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर जमकर हमला किया। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार और आरएसएस पूरे देश में कॉलेज और विश्वविद्यालय के छात्रों की आवाज दबा रहे हैं। उन्होंने छात्रों को भेदभाव और दमन से बचाने के लिए कानून बनाए जाने की भी पैरवी की। राहुल ने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ युवाओं को नहीं, बल्कि आदिवासियों, दलितों और दूसरे कमजोर तबकों को भी कुचलने का प्रयास कर रही है।
Latest India News